भोपाल के पॉश इलाके में डिप्टी कलेक्टर के घर से लाखों की चोरी

· 1 min read
भोपाल के पॉश इलाके  में डिप्टी कलेक्टर के घर से लाखों की चोरी

भोपाल के चार इमली इलाके में लाखों की चोरी

भोपाल के पॉश और हाई सिक्योरिटी इलाके चार इमली में डिप्टी कलेक्टर अलका सिंह वामनकर के सूने मकान से 11 लाख रुपए से अधिक के सोने-चांदी के जेवरात और कीमती सामान चोरी हो गया है। अलका सिंह सरकारी आवास में रहती हैं और वर्तमान में राजस्व आयुक्त कार्यालय में डिप्टी कलेक्टर के पद पर पदस्थ हैं।

केरल में इलाज के लिए गई थीं

डिप्टी कलेक्टर अलका सिंह अपने पति के इलाज के लिए 3 नवंबर को परिवार सहित केरल गई थीं। सोमवार, 10 नवंबर को जब वे घर लौटीं, तो गेट का ताला टूटा हुआ मिला। घर के अंदर जाने पर पता चला कि बैडरूम की अलमारी से 10 तोला सोना, 250 ग्राम चांदी की पायजेब, कीमती घड़ियां और अन्य सामान गायब थे।

पुलिस ने जांच शुरू की

घटना की जानकारी मिलने के बाद हबीबगंज थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एफएसएल की टीम भी मौके पर पहुंची और जांच में सहयोग किया। हालांकि, पुलिस को अब तक आरोपियों के संबंध में कोई पुख्ता सबूत नहीं मिला है। कुछ संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

चार इमली में सुरक्षा पर सवाल

चार इमली इलाके को हाई सिक्योरिटी क्षेत्र माना जाता है, जहां आईएएस, आईपीएस और मंत्रियों के निवास हैं। इसके बावजूद यहां चोरी और लूट की घटनाएं लगातार हो रही हैं। हाल ही में इसी इलाके में आईजी इंटेलिजेंस डॉ. आशीष (IPS) से मोबाइल लूट की घटना भी हुई थी।

पुलिस की गश्त पर सवाल

लगातार हो रही वारदातों के बाद इलाके में पुलिस गश्त पर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Adarsh Chaurasiya