बीकानेर-अहमदाबाद नई ट्रेन शुरू: रेल मंत्री दिखाएंगे हरी झंडी, पश्चिम भारत को मिलेगा लाभ

· 1 min read
बीकानेर-अहमदाबाद नई ट्रेन शुरू: रेल मंत्री दिखाएंगे हरी झंडी, पश्चिम भारत को मिलेगा लाभ

बीकानेर से अहमदाबाद के लिए नई ट्रेन जल्द ही शुरू होगी

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव जल्द ही अहमदाबाद (साबरमती)-बीकानेर (लालगढ़) एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगे। इस नई ट्रेन के शुरू होने से राजस्थान और गुजरात के यात्रियों के लिए सीधा, तेज और सुविधाजनक सफर उपलब्ध होगा।

यात्रियों को मिलेगी बड़ी सुविधा

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि यह एक्सप्रेस ट्रेन करीब 740 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। इसके शुरू होने से छात्र, नौकरीपेशा लोग, व्यापारी और पर्यटक दोनों राज्यों के बीच आसानी से आ-जा सकेंगे। इससे दोनों राज्यों के बीच व्यापार, पर्यटन और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को भी बढ़ावा मिलेगा।

इन जिलों को होगा सीधा फायदा

नई ट्रेन गुजरात के अहमदाबाद, महेसाणा, पाटन और बनासकांठा जिलों को राजस्थान के जालौर, बालोतरा, जोधपुर, नागौर और बीकानेर जिलों से सीधे जोड़ेगी। ट्रेन के प्रमुख ठहराव साबरमती, महेसाणा, पाटन, भीलड़ी, धानेरा, रानीवाड़ा, मारवाड़ भीनमाल, मोदरान, जालौर, मोकलसर, समदड़ी, लूणी, जोधपुर, गोटन, मेड़ता रोड, नागौर, नोखा, बीकानेर और लालगढ़ स्टेशन होंगे।

यह नई रेल सेवा पश्चिम भारत के दो प्रमुख पर्यटन क्षेत्रों को जोड़ने का काम करेगी। गुजरात के साबरमती रिवरफ्रंट, मोढेरा सूर्य मंदिर, पाटन की रानी की वाव और अहमदाबाद की ऐतिहासिक विरासत तक पहुंच आसान होगी। वहीं, राजस्थान के जूनागढ़ किला, करणी माता मंदिर, लालगढ़ पैलेस और बीकानेर के मरुस्थलीय पर्यटन स्थलों तक पर्यटकों की पहुंच और बेहतर होगी।

हाल के दिनों में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने राजस्थान को कई महत्वपूर्ण रेल परियोजनाओं और सेवाओं की सौगात दी है। इनमें जोधपुर से विभिन्न रेल सेवाओं को हरी झंडी दिखाना, जैसलमेर में कोच केयर कॉम्प्लेक्स का शुभारंभ, जोधपुर-दिल्ली कैंट वंदे भारत एक्सप्रेस को 20 कोचों के साथ संचालित करने की घोषणा, साबरमती-जोधपुर एक्सप्रेस का विस्तार जैसलमेर तक और भुज-जालोर-पाली-दिल्ली नई रेल सेवा की शुरुआत शामिल है। अब बीकानेर-साबरमती एक्सप्रेस के संचालन से राजस्थान और गुजरात के बीच रेल नेटवर्क और मजबूत होगा।

Janmejay Chaturvedi