धर्मेंद्र की हालत स्थिर, निधन की खबरें गलत
बॉलीवुड अभिनेता धर्मेंद्र के निधन की अफवाहें मंगलवार को सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गईं। हालांकि, उनकी बेटी ईशा देओल ने इन खबरों को पूरी तरह गलत बताया। उन्होंने सोशल मीडिया पर बयान जारी कर कहा कि उनके पिता की हालत स्थिर है और वह रिकवर कर रहे हैं। ईशा ने सभी से उनके परिवार की निजता का सम्मान करने की अपील की और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करने के लिए धन्यवाद दिया।
हेमा मालिनी ने जताई नाराजगी
धर्मेंद्र की पत्नी हेमा मालिनी ने भी इन अफवाहों पर सख्त नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि जिम्मेदार मीडिया कैसे झूठी खबरें फैला सकता है, जबकि धर्मेंद्र इलाज का जवाब दे रहे हैं और उनकी हालत में सुधार हो रहा है।
राजनाथ सिंह ने हटाई पोस्ट
धर्मेंद्र के निधन की खबरों के बीच रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शोक व्यक्त किया था। हालांकि, बाद में उन्होंने पोस्ट हटाकर इसे स्पष्ट किया।
ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती
धर्मेंद्र को सोमवार को सांस लेने में तकलीफ होने पर मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनकी हालत स्थिर न होने पर उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया। 72 घंटे उनके लिए क्रिटिकल बताए जा रहे हैं।
परिवार और बॉलीवुड सितारे चिंतित
देओल परिवार के करीबी सूत्रों के अनुसार, धर्मेंद्र की बेटियों को विदेश से बुलाया गया है। बेटे सनी और बॉबी देओल उनके पास पहुंचे हैं। सोमवार रात शाहरुख खान, सलमान खान समेत कई बॉलीवुड सितारे अस्पताल में उनका हालचाल लेने पहुंचे।
Vivek Singh