
होली पर रूठों को मनाने का इस बार निकाला जा रहा फार्मूला
हालिया अनुभवों के बाद भाजपा में राज- प्रसाद बांटने की तैयारी
भोपाल. सत्ताधारी दल भाजपा मप्र में अब अपने कुछ नेताओं और पुराने कार्यकर्ताओं को होली के बहाने नवाजने की तैयारी में है। आज मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा, संगठन मंत्री हितानंद आदि इस फार्मूले को अंतिम रूप देने बैठे हैं।
सूत्रों का कहना है कि आज देर शाम या कल इस संबंध में कुछ नियुक्ति आदेश जारी भी हो सकते हैं। सरकार कुछ शहरी प्राधिकरणों व निगम मंडलों में भाजपा नेताओं को पदस्थ करेगी। इसकी वजह यह भी है कि अब भाजपा के पुराने नेताओं का सब अब छलकने लगा है।
वे लंबे समय से निगम मंडलों में नियुक्ति के लिये जोर लगाकर थक चुके हैं, पार्टी संगठन की बैठकों में यह बात सामने आई है कि पार्टी कॉडर निष्क्रिय हो सकता है तथा चुनाव के वक्त इसका नुकसान भी उठाना पड़ सकता है।
वहीं हाल में विकास यात्राओं के दौरान भाजपा के बीच की तकरारें सतह पर आने के बाद भी पार्टी अब चौकन्ना हुई है। हाल में हुई कुछ बैठकों के बाद अब होली के मौके पर ही यह काम करने की तैयारी है। इसके लिये तमाम बड़े नेताओं से भी रायशुमारी की गई है और उनके भी कुछ नाम सुझाव बतौर मांगे गये थे।