जेफ्री एपस्टीन फाइल्स में अनिल अंबानी की चैट का खुलासा
अमेरिकी जस्टिस डिपार्टमेंट द्वारा जारी यौन अपराधी जेफ्री एपस्टीन के दस्तावेजों में उद्योगपति अनिल अंबानी से जुड़े नए खुलासे सामने आए हैं। ये दस्तावेज एपस्टीन और अंबानी के बीच 2017 से 2019 के दौरान हुई बातचीत से संबंधित हैं, जिसमें कारोबार, वैश्विक मामलों और महिलाओं को लेकर चर्चाएं शामिल हैं।
'स्वीडिश ब्लॉन्ड महिला' की पेशकश और अंबानी का जवाब
ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, 9 मार्च 2017 की एक बातचीत में अनिल अंबानी ने एपस्टीन से पूछा, "क्या सुझाव है?" इस पर एपस्टीन ने जवाब दिया कि मुलाकात को 'मजेदार' बनाने के लिए 'लंबी स्वीडिश ब्लॉन्ड महिला' बेहतर होगी। इसके बाद अंबानी ने जवाब दिया, "इसे अरेंज करो।" यह बातचीत तब की है जब एपस्टीन को पहले ही 2008 में नाबालिगों से जुड़े यौन अपराध के मामले में सजा मिल चुकी थी।
बैठकों की योजना और अन्य विषयों पर चर्चा
रिकॉर्ड्स बताते हैं कि दोनों के बीच पेरिस और न्यूयॉर्क में मिलने की योजनाएं बनी थीं। मई 2019 में अनिल अंबानी के न्यूयॉर्क दौरे के दौरान एपस्टीन ने उन्हें मैनहट्टन स्थित अपने घर बुलाया, जहां दोनों की मुलाकात हुई। दूसरे ईमेल्स से यह भी पता चलता है कि अंबानी और एपस्टीन के बीच अंतरराष्ट्रीय यात्राओं, बिजनेस मीटिंग्स और वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम जैसे वैश्विक मंचों पर होने वाले कार्यक्रमों को लेकर भी बातचीत हुई थी।
चैट में डोनाल्ड ट्रम्प और हॉलीवुड से जुड़े संदर्भ भी हैं। एक बातचीत में एपस्टीन ने पसंदीदा महिला पर सवाल किया, जिस पर अंबानी ने हॉलीवुड अभिनेत्री स्कारलेट जोहानसन का जिक्र किया। उस समय रिलायंस एंटरटेनमेंट उनकी फिल्म 'घोस्ट इन द शेल' की सह-निर्माता थी। ब्लूमबर्ग के मुताबिक, अनिल अंबानी के प्रतिनिधि ने इस मामले पर किसी टिप्पणी से इनकार किया है।
अन्य भारतीय हस्तियों का उल्लेख
अंबानी के अलावा, फिल्मकार मीरा नायर, डायरेक्टर अनुराग कश्यप, अभिनेत्री नंदिता दास और वेलनेस गुरु दीपक चोपड़ा सहित कई अन्य भारतीय और भारतीय मूल के सेलिब्रिटी भी एपस्टीन के संपर्क में थे। हालांकि, इन फाइलों में नाम होना किसी अपराध का सबूत नहीं है, बल्कि यह केवल सामाजिक या पेशेवर संपर्कों को दर्शाता है। मीरा नायर से जुड़ा एक मेल यह बताता है कि एपस्टीन की पार्टनर गिस्लीन मैक्सवेल ने उनकी फिल्म 'एमेलिया' से जुड़ी एक आफ्टर-पार्टी की मेजबानी की थी।
कौन थे जेफ्री एपस्टीन?
जेफ्री एपस्टीन न्यूयॉर्क का एक करोड़पति फाइनेंसर था, जिसके बड़े नेताओं और सेलिब्रिटीज से संबंध थे। उस पर 2005 में नाबालिग लड़की के साथ यौन उत्पीड़न का आरोप लगा और 2008 में उसे नाबालिग से सेक्स की मांग करने का दोषी ठहराया गया, जिसके लिए उसे 13 महीने की जेल हुई। 2019 में उसे सेक्स ट्रैफिकिंग के आरोपों में फिर से गिरफ्तार किया गया, लेकिन मुकदमे से पहले ही उसकी हिरासत में मौत हो गई। उसकी पार्टनर घिसलीन मैक्सवेल को उसकी मदद करने के आरोपों में 2021 में दोषी ठहराया गया और वह 20 साल की सजा काट रही है।
2005 में फ्लोरिडा में एक 14 साल की लड़की की मां की शिकायत के बाद एपस्टीन के खिलाफ जांच शुरू हुई, जिसमें करीब 50 नाबालिग लड़कियों ने उस पर यौन शोषण के आरोप लगाए। मी टू मूवमेंट के बाद, वर्जीनिया ग्रिफे सहित कई महिलाओं ने एपस्टीन के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए, जिसके परिणामस्वरूप उसके नेटवर्क की व्यापक जांच शुरू हुई।
Lokendra Mishra