इजरायल का गाजा पर बड़ा हवाई हमला
ट्रंप की सीजफायर घोषणा के बाद 30 लोगों की मौत
इजरायल ने गाजा सिटी के सबरा इलाके में हमास के खिलाफ बड़ा हवाई हमला किया, जिसमें 30 फिलिस्तीनी मारे गए। इस हमले के कारण एक इमारत ढह गई, जिसके मलबे में लगभग 40 लोग दब गए।
अल-शिफा अस्पताल के निदेशक मोहम्मद अबू सलमिया ने पुष्टि की कि बुधवार शाम से जारी हमलों में 30 लोग मारे गए हैं। नागरिक सुरक्षा एजेंसी ने बताया कि अब तक मलबे से चार शव बरामद किए गए हैं, जबकि राहत कार्य जारी है।
इजरायली रक्षा बल (IDF) ने कहा कि यह हमला हमास के आतंकवादियों को निशाना बनाकर किया गया, जो इजरायली सैनिकों के लिए खतरा पैदा कर रहे थे।
सीजफायर समझौते की घोषणा
यह हमला ऐसे समय में हुआ, जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इजरायल और हमास के बीच सीजफायर समझौते की घोषणा की थी। ट्रंप ने इसे 'ऐतिहासिक कदम' बताते हुए कहा कि समझौते से बंधकों की रिहाई और युद्ध समाप्ति की उम्मीद है।
इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने इस समझौते को कूटनीतिक सफलता और राष्ट्रीय जीत बताया। यह समझौता अमेरिकी राष्ट्रपति के 20-सूत्रीय पीस प्लान का हिस्सा है।