गोदरेज कंज्यूमर की नई इकाई का शुभारंभ
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भिंड जिले के मालनपुर औद्योगिक क्षेत्र में गोदरेज कंज्यूमर प्रोडक्ट्स की चौथी नई एकीकृत विनिर्माण इकाई का उद्घाटन किया। लगभग 450 करोड़ रुपए के अतिरिक्त निवेश से स्थापित इस इकाई के साथ मालनपुर को एशिया की सबसे बड़ी एकीकृत साबुन निर्माण फैक्टरी होने का गौरव प्राप्त हुआ है।
उत्पादन क्षमता और रोजगार
इस फैक्टरी में प्रति मिनट 4,000 साबुन तैयार किए जाएंगे। परियोजना से 600 नए लोगों को रोजगार मिलेगा।
मुख्यमंत्री का संबोधन
मुख्यमंत्री ने कहा कि चंबल अंचल अब अपने पुराने इतिहास को पीछे छोड़कर औद्योगिक प्रगति की नई राह पर अग्रसर है। प्रदेश में निवेशकों का अभूतपूर्व निवेश "मेड इन एमपी" और "फेथ इन एमपी" का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने बताया कि राज्य में बेरोजगारी दर सबसे कम है और मध्यप्रदेश से 76 हजार करोड़ रुपए के उत्पादों का निर्यात किया जा रहा है।
मलेरिया मुक्त मध्यप्रदेश का लक्ष्य
मलेरिया और अन्य मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए गोदरेज कंज्यूमर प्रोडक्ट्स द्वारा विशेष उत्पाद तैयार कर बाजार में उपलब्ध कराए गए हैं। राज्य शासन के साथ मिलकर इस दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। वर्ष 2030 तक मध्यप्रदेश को पूरी तरह मलेरिया मुक्त बनाने के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए गोदरेज समूह ने राज्य सरकार के साथ मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता जताई है।
L. N. Bhargava