नीतीश नाराज , सीट शेयरिंग विवाद पर अमित शाह पटना पहुंचेंगे

· 1 min read
नीतीश नाराज , सीट शेयरिंग विवाद पर  अमित शाह पटना पहुंचेंगे

नीतीश नाराज, सीट शेयरिंग विवाद पर अमित शाह पटना पहुंचेंगे

बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर एनडीए में सीट शेयरिंग को लेकर तनाव बढ़ गया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 9 सीटों के बंटवारे से असंतुष्ट बताए जा रहे हैं। इसी वजह से उन्होंने आज मुख्यमंत्री आवास पर एक आपात बैठक बुलाई है।

सूत्रों के अनुसार, जेडीयू ने बीजेपी से सीटों पर पुनर्विचार करने की मांग की है। यह भी कहा जा रहा है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज पटना आ सकते हैं ताकि इस विवाद को शांत किया जा सके। हालांकि, शाह के दौरे की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

विवाद का मुख्य कारण वह सीटें हैं, जिन्हें पहले लोजपा (रामविलास) को दी गई थीं। जेडीयू का कहना है कि जिन इलाकों में पार्टी परंपरागत रूप से मजबूत रही है, वहां से उम्मीदवार जेडीयू का होना चाहिए।

इसी बीच, जेडीयू विधायक गोपाल मंडल समर्थकों के साथ मुख्यमंत्री आवास के बाहर धरने पर बैठ गए हैं। उनका आरोप है कि उनकी टिकट काटने की साजिश हो रही है।

सोनबरसा सीट को लेकर जेडीयू और लोजपा (रामविलास) के बीच टकराव जारी है। जेडीयू विधायक और मंत्री रत्नेश सदा को पार्टी ने दोबारा टिकट दिया है, जबकि यह सीट साझा लिस्ट में लोजपा (रामविलास) के खाते में थी।

दूसरी ओर, बीजेपी ने 48 उम्मीदवारों के नाम तय कर दिए हैं और उन्हें नामांकन दाखिल करने का निर्देश दिया है। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी तारापुर सीट से चुनाव लड़ेंगे और 16 अक्टूबर को नामांकन करेंगे।

इन तमाम विवादों के बीच एनडीए के भीतर सीटों को लेकर तनाव कम करने की कोशिशें जारी हैं।