पंजाब DIG की कोठी से करोड़ों का गोल्ड और कैश बरामद
पंजाब पुलिस के DIG हरचरन सिंह भुल्लर की चंडीगढ़ स्थित कोठी में CBI ने छापा मारकर भारी मात्रा में कैश और सोना बरामद किया। DIG भुल्लर पर रिश्वतखोरी का आरोप है और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। छापेमारी के दौरान उनके घर से 7.5 करोड़ रुपए नगद, ढाई किलो सोना, महंगी घड़ियां और 50 प्रॉपर्टी के दस्तावेज बरामद हुए।
कैश और सोने की होश उड़ाने वाली बरामदगी
CBI की छानबीन में पता चला कि DIG भुल्लर ने कैश और गोल्ड को बड़ी चतुराई से छिपा रखा था। सोफे, क्रॉकरी की अलमारी और बेड के अंदर से कैश और सोना बरामद हुआ। नोटों की गड्डियां इतनी ज्यादा थीं कि टेबल भी छोटे पड़ गए। नोट गिनने के लिए तीन मशीनों का इस्तेमाल करना पड़ा। इसके साथ ही उनके फार्महाउस से 108 महंगी शराब की बोतलें भी मिलीं, जिनमें से कई की कीमत 50 हजार से अधिक है।
रिश्वतखोरी में गिरफ्तारी
CBI ने DIG हरचरन सिंह भुल्लर और उनके एजेंट कृष्नु को रिश्वतखोरी के आरोप में गिरफ्तार किया। आरोप है कि कृष्नु DIG के लिए रिश्वत लेने के लिए लोगों को फंसाता था। चंडीगढ़ की विशेष CBI कोर्ट ने दोनों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
DIG का बयान
CBI कोर्ट में पेशी के दौरान DIG भुल्लर ने खुद को निर्दोष बताया और कहा कि उन्हें झूठा फंसाया गया है। उन्होंने भरोसा जताया कि अदालत से उन्हें न्याय मिलेगा।
इस मामले ने पंजाब पुलिस में भ्रष्टाचार के मामलों को उजागर किया है और अब CBI गहराई से जांच कर रही है।
Navjeet Kaur