तेलंगाना भ्रष्टाचार मामला: तहसीलदार के पास मिली ₹5 करोड़ की बेनामी संपत्ति, नई FIR दर्ज

· 1 min read
तेलंगाना भ्रष्टाचार मामला: तहसीलदार के पास मिली ₹5 करोड़ की बेनामी संपत्ति, नई FIR दर्ज

तेलंगाना में महिला तहसीलदार के पास मिली ₹5 करोड़ की बेनामी संपत्ति

हैदराबाद के शमीरपेट की निलंबित तहसीलदार सुचारिता की मुश्किलें अब और बढ़ गई हैं। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने उनके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का नया मामला दर्ज किया है। जांच के दौरान अधिकारियों ने लगभग 20 करोड़ रुपए की संपत्ति, नकदी, आभूषण और अन्य परिसंपत्तियों का पता लगाया है। सुचरिता को मई महीने में 30 लाख रुपए की रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था और वह वर्तमान में न्यायिक हिरासत में हैं।

आज की अन्य बड़ी खबरें…

दिल्ली की फैक्ट्री में तीन मजदूरों की मौत, सेप्टिक टैंक के अंदर जहरीली गैस से हादसा

दिल्ली के मुंडका इलाके में फैक्ट्री के सेप्टिक टैंक के अंदर जहरीली गैस से तीन मजदूरों की मौत हो गई। दिल्ली फायर सर्विस के अनुसार दोपहर 12:03 बजे एक कॉल आई जिसमें बताया गया कि मुंडका इंडस्ट्रियल एरिया की फैक्ट्री में कुछ लोग सेप्टिक टैंक के अंदर फंस गए हैं। फायर डिपार्टमेंट के कर्मचारियों ने तीन लोगों को टैंक से बाहर निकाला, लेकिन वे मृत पाए गए।

आंध्र प्रदेश में MUV कार खड़े ट्रक से टकराई; 4 लोगों की मौत, 7 घायल

आंध्र प्रदेश के पलनाडु जिले में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि सात अन्य घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब हैदराबाद से अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे लोगों की MUV श्रीशैलम रोड पर सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से टकरा गई। पुलिस के मुताबिक ट्रक का टायर फटने के कारण उसे सड़क किनारे खड़ा किया गया था। मोड़ पर चालक खड़े वाहन को नहीं देख पाया और MUV पीछे से ट्रक में जा घुसी।

कोलकाता गोदाम हादसे में मरने वालों का आंकड़ा 15 पहुंचा, 19 घायल; तीसरे दिन भी रेस्क्यू जारी

पश्चिम बंगाल के कोलकाता के तारातला इलाके में निर्माणाधीन गोदाम ढहने के मामले में अब तक 15 लोगों की मौत हो चुकी है। 19 लोग घायल हैं, इनमें भी कुछ की हालत गंभीर है। घटना के तीसरे दिन भी घटनास्थल पर रेस्क्यू ऑपरेशन जारी हैं। दावा है कि 30-40 लोग अभी भी मलबे में दबे हैं।

ओडिशा के बालेश्वर में कारोबारी की हत्या, CCTV और फॉरेंसिक आधार पर जांच जारी

ओडिशा के बालेश्वर में गुरुवार दोपहर बदमाशों ने एक कारोबारी की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, हमलावरों ने शेख हमीद पर करीब 10 राउंड फायरिंग की, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बालेश्वर के पुलिस अधीक्षक प्रत्युष दिवाकर ने बताया कि घटना की सूचना गुरुवार दोपहर 3 बजे से 3:15 बजे के बीच मिली। पुलिस और मेडिकल टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक घायल कारोबारी की मौत हो चुकी थी। घटना के बाद बालेश्वर शहर में तनाव का माहौल है।

तिरुवनंतपुरम में BJP और CPI(M) पार्षदों की झड़प, मेयर समेत कई नेताओं पर केस दर्ज

केरलम के तिरुवनंतपुरम नगर निगम में BJP और CPI(M) पार्षदों के बीच हुई झड़प के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों के नेताओं के खिलाफ अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं। पुलिस ने मेयर वी. वी. राजेश समेत BJP पार्षदों और CPI(M) के कई वार्ड सदस्यों के खिलाफ शिकायतों के आधार पर कार्रवाई शुरू की है। दिसंबर 2025 में BJP के नेतृत्व वाले NDA ने 101 में से 50 सीटें जीतकर तिरुवनंतपुरम नगर निगम की सत्ता हासिल की थी।

दिल्ली कोर्ट बोला- देर रात पुरुष से बात महिला के चरित्र पर संदेह का आधार नहीं

दिल्ली की सेशन कोर्ट ने कहा है कि महज इसलिए कि कोई महिला देर रात फोन पर किसी पुरुष से बात करती है, उसके चरित्र पर सवाल उठाने या उसकी निजता में दखल देने को उचित ठहराने का कारण नहीं हो सकता। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश शुनाली गुप्ता ने यह टिप्पणी एक व्यक्ति द्वारा अपनी पत्नी और एक अन्य व्यक्ति के कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) को संरक्षित करने के लिए दायर अपील को खारिज करते हुए की।

3000 किलो हेरोइन तस्करी मामले में दिल्ली का कारोबारी गिरफ्तार

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने 2021 के चर्चित मुंद्रा पोर्ट से लगभग 3000 किलोग्राम हेरोइन बरामदगी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में दिल्ली निवासी हरप्रीत सिंह तलवार को गिरफ्तार किया है। ईडी ने 24-25 जून को दिल्ली में छह ठिकानों पर छापेमारी के दौरान तलवार को 24 जून को गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई सितंबर 2021 में गुजरात के मुंद्रा पोर्ट पर लगभग 3000 किलोग्राम हेरोइन की जब्ती से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच के तहत की गई है।

महाराष्ट्र में विपक्ष की बैठक, 23 विधायक गायब, पवार भी बैठक में नहीं पहुंचे

महाराष्ट्र के मानसून सत्र के बीच महाविकास अघाड़ी (एमवीए) गठबंधन में बड़ी दरार सामने आई है। मुंबई में विपक्ष की रणनीति तय करने के लिए बुलाई गई महत्वपूर्ण बैठक से 23 विधायक गायब रहे। एनसीपी (शरद) के सुप्रीमो शरद पवार और वरिष्ठ नेता जयंत पाटिल भी इस बैठक में नहीं पहुंचे। शिवसेना नेता उद्धव ठाकरे ने सहयोगियों पर तंज कसते हुए पूछा, ‘क्या हम वाकई सच में एक साथ हैं?’

डिजिटल अरेस्ट: 16 राज्यों के 80 ठिकानों पर सीबीआई छापे

सीबीआई ने डिजिटल अरेस्ट स्कैम करने वाले नेटवर्क को तोड़ने के लिए 16 राज्यों में 80 जगहों पर तलाशी ली। अफसरों के मुताबिक ठगों ने सुप्रीम कोर्ट की वेबसाइट जैसी दिखने वाली यूआरएल वाली फर्जी साइट बनाकर सैकड़ों लोगों को फंसाया। ऑपरेशन चक्र के चौथे चरण के तहत 60 स्पेशल टीमें उतरीं। सीबीआई के अनुसार, साइबर ठगी का ये नेटवर्क साइबर फ्रॉड के 200 से ज्यादा मामलों से जुड़ा है। तलाशी के बाद सीबीआई ने चेन्नई से बी. नरेश और कोलकाता से संजीब साहा को गिरफ्तार किया है।

Bhavanesh Soni