ट्रम्प ने BBC पर ₹8400 करोड़ का मुकदमे की धमकी दी
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के वकीलों ने ब्रिटेन के प्रमुख मीडिया संगठन BBC को कानूनी नोटिस भेजा है। उन्होंने BBC की 'पैनोरमा डॉक्यूमेंट्री' में ट्रम्प के भाषण को गलत तरीके से एडिट करने का आरोप लगाया है। वकीलों ने मांग की है कि BBC माफी मांगे और आर्थिक मुआवजा दे। यदि ऐसा नहीं हुआ तो BBC पर 1 अरब डॉलर (करीब ₹8400 करोड़) का मुकदमा फ्लोरिडा में दर्ज किया जाएगा।
BBC की गलत एडिटिंग का आरोप
BBC की डॉक्यूमेंट्री में ट्रम्प के 6 जनवरी 2021 के भाषण के दो अलग-अलग हिस्सों को जोड़कर दिखाया गया, जिससे ऐसा लगा कि ट्रम्प हिंसा के लिए समर्थकों को उकसा रहे थे। असल में ट्रम्प ने अपने भाषण में शांति से विरोध करने की बात कही थी। इस एडिटिंग के कारण ट्रम्प की छवि को नुकसान पहुंचा और विवाद खड़ा हुआ।
BBC के शीर्ष अधिकारियों ने दिया इस्तीफा
इस विवाद के बाद BBC के डायरेक्टर जनरल टिम डेवी और न्यूज CEO डेबोरा टर्नेस ने इस्तीफा दे दिया। टिम डेवी ने कहा कि यह उनका व्यक्तिगत फैसला है और विवाद की जिम्मेदारी उनकी है। वहीं, डेबोरा टर्नेस ने कहा कि इस मामले ने BBC की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाया है।
डॉक्यूमेंट्री विवाद का असर
BBC के चेयरमैन समीर शाह ने इस विवाद के लिए माफी मांगी और सुधार के लिए कदम उठाने की बात कही। ट्रम्प की कानूनी टीम का कहना है कि BBC की एडिटिंग ने उनकी छवि बिगाड़ने का प्रयास किया है, जिससे उन्हें कानूनी कदम उठाने पर मजबूर होना पड़ा।
Vivek Singh