व्हाइट हाउस डिनर में अंधाधुंध फायरिंग: राष्ट्रपति ट्रंप को सुरक्षित निकाला गया

· 1 min read
व्हाइट हाउस डिनर में अंधाधुंध फायरिंग: राष्ट्रपति ट्रंप को सुरक्षित निकाला गया

व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर में फायरिंग: ट्रंप को सुरक्षित निकाला गया

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को शनिवार (26 अप्रैल 2026) की रात व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स के डिनर से बाहर निकाला गया क्योंकि वहां अंधाधुंध फायरिंग हुई थी। सीक्रेट सर्विस और दूसरे अधिकारी बैंक्वेट हॉल में दौड़े। एसोसिएटेड प्रेस ने बताया कि अधिकारी मेहमानों की भीड़ के बीच से डिनर डायस की ओर दौड़े और किसी ने चिल्लाकर कहा, 'रास्ते से हट जाओ, सर!'

एएफपी ने एक कैबिनेट सदस्य के हवाले से बताया कि रात्रिभोज के दौरान व्हाइट हाउस में गोलियां चलीं, लेकिन किसी के घायल होने की खबर नहीं है। इस दौरान सुरक्षा को देखते हुए डोनाल्ड ट्रंप, फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप और अन्य बड़े नेताओं को तुरंत सुरक्षित जगह पर ले जाया गया। सोशल मीडिया पर सामने आए कुछ वीडियो में तेज आवाज़ें सुनाई देने का दावा किया गया है, हालांकि इन वीडियो की सच्चाई की पुष्टि नहीं हो पाई है। खबरों के अनुसार, इन आवाज़ों के बाद वहां मौजूद लोगों को बाहर निकाला गया और पूरे इलाके को घेर लिया गया।

संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया गया

एएफपी के मुताबिक, घटना के बाद एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है। हालांकि अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि आवाज़ों की असली वजह क्या थी और क्या यह वास्तव में गोलीबारी की घटना थी या कुछ और। फिलहाल जांच जारी है और सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की पड़ताल कर रही हैं। इस घटना के बाद कार्यक्रम में मौजूद लोगों की सुरक्षा को लेकर सवाल भी उठने लगे हैं।

कार्यक्रम में ट्रंप के साथ अन्य लोग थे मौजूद

सीएनएन के मुताबिक, कार्यक्रम में ट्रंप के साथ हेड टेबल पर फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप और वाइस प्रेसिडेंट जेडी वेंस भी मौजूद थे। इसके अलावा कई कैबिनेट मंत्री और प्रशासन के बड़े अधिकारी भी इस इवेंट में शामिल थे। प्रशासन के एक अधिकारी ने साफ किया कि किसी भी कैबिनेट सदस्य को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। यह डिनर खास इसलिए भी था क्योंकि राष्ट्रपति के तौर पर डोनाल्ड ट्रंप पहली बार इस इवेंट में शामिल हुए थे। यह वही कार्यक्रम है जहां आमतौर पर मीडिया, राजनीति और मनोरंजन जगत के लोग एक साथ नजर आते हैं, लेकिन ट्रंप और मीडिया के बीच लंबे समय से चले आ रहे तनावपूर्ण रिश्तों के कारण इस बार यह कार्यक्रम पहले से ही चर्चा में था।

Adarsh Chaurasiya