आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर भीषण सड़क हादसा: बस और कार की टक्कर में 5 की मौत, 8 घायल
उन्नाव में एक्सप्रेस-वे पर तड़के हुआ हादसा
उन्नाव में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर बुधवार तड़के लगभग 4:30 बजे एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की दुखद मृत्यु हो गई। स्लीपर बस ने तेज रफ्तार के कारण डिवाइडर तोड़ते हुए विपरीत दिशा से आ रही एक अर्टिगा कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और वह करीब 20 फीट तक घिसटती चली गई। इस हादसे में कार सवार पिता-पुत्री, दामाद और दो नातिनों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे का विवरण
यह हादसा जिला मुख्यालय से 65 किलोमीटर दूर बांगरमऊ के पास हुआ। सीओ बांगरमऊ हर्ष मोदी ने बताया कि बस में लगभग 70 यात्री सवार थे, जबकि कार में 9 लोग थे। हादसे में कार सवार चार और बस सवार आठ लोग घायल हुए हैं। मृतकों की पहचान भुनभुन (60), उनकी बेटी अंजू (40), दामाद विनोद (45), विनोद की बेटी दिव्या (13) और अंजू की बेटी अमृता (6) के रूप में हुई है। यह परिवार वृंदावन दर्शन के लिए जा रहा था।
घायल और बचाव कार्य
हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। बस की खिड़कियां तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला गया और घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। कार सवार घायलों में विनोद की पत्नी प्रिया (40), दूसरी बेटी अपराजिता (10) और अंजू की छोटी बेटी रिदा (5) शामिल हैं, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बस सवार 8 घायलों में से 7 नालंदा और एक फरीदाबाद का रहने वाला है।
बस ड्राइवर की लापरवाही की आशंका
बांगरमऊ इंस्पेक्टर अखिलेश पांडेय ने बताया कि यात्रियों के अनुसार बस ड्राइवर नशे में था और झपकी आने के कारण यह हादसा हुआ। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचित कर दिया है। पुलिस के अनुसार, बाबा ट्रैवलर की स्लीपर बस हरियाणा के झज्जर से बिहार के नालंदा जा रही थी और उसकी गति करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटा थी। कार संतकबीरनगर की थी। हादसे की सूचना मिलते ही डीएम और एसपी ने घटनास्थल का जायजा लिया।
घायल बच्चे का बयान
हादसे में घायल हुए मृतक विनोद के 16 वर्षीय बेटे आर्यन ने बताया कि वे संत कबीरनगर के बढ़या बाबू गांव के रहने वाले हैं और कार से वृंदावन घूमने जा रहे थे। उसके पिता कार चला रहे थे। लखनऊ में थोड़ी देर रुकने के बाद वे आगरा एक्सप्रेस-वे पर चढ़े थे, तभी सुबह बस ने उनकी कार को टक्कर मार दी।
Navjeet Kaur