बजट 2026: वित्त मंत्री आज पेश करेंगी बजट, सोना-चांदी हो सकते हैं सस्ते; 13 लाख तक इनकम टैक्स फ्री होने की उम्मीद
आज 1 फरवरी 2026 को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण सुबह 11 बजे संसद में केंद्रीय बजट पेश करेंगी। इस बजट में सरकार द्वारा कई महत्वपूर्ण घोषणाएं किए जाने की उम्मीद है, जिनका सीधा असर आम नागरिक और अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा। कयास लगाए जा रहे हैं कि नौकरीपेशा लोगों को बड़ी राहत मिल सकती है, वहीं सोना और चांदी जैसी कीमती धातुएं भी सस्ती हो सकती हैं।
बजट 2026 की प्रमुख उम्मीदें और घोषणाएं
इनकम टैक्स में राहत
नौकरीपेशा लोगों के लिए नए टैक्स रिजीम में स्टैंडर्ड डिडक्शन को 75 हजार रुपए से बढ़ाकर 1 लाख रुपए किया जा सकता है। इससे 13 लाख रुपए तक की सालाना आय टैक्स-फ्री होने की संभावना है, जिससे मध्यम वर्ग को काफी राहत मिलेगी।
सोना और चांदी हो सकते हैं सस्ते
बजट में सोना और चांदी पर लगने वाली बेसिक कस्टम ड्यूटी को 6% से घटाकर 4% करने की घोषणा की जा सकती है। यदि ऐसा होता है, तो सोने की कीमत प्रति 10 ग्राम करीब 3 हजार रुपए और चांदी की कीमत 6 हजार रुपए तक सस्ती हो सकती है।
किसान सम्मान निधि में वृद्धि
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना की राशि को 3 हजार रुपए बढ़ाकर 6 हजार से 9 हजार रुपए प्रति वर्ष किया जा सकता है। बीते कई सालों से इसे बढ़ाने की मांग की जा रही थी।
रेल इंफ्रास्ट्रक्चर को मिलेगा बढ़ावा
रेलवे के लिए अब तक के सबसे बड़े फंड का ऐलान होने की उम्मीद है। वेटिंग लिस्ट की समस्या कम करने और कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए 300 से अधिक नई अमृत भारत और वंदे भारत ट्रेनों की घोषणा की जा सकती है।
पीएम सूर्य घर योजना का विस्तार
बजट में 2 किलोवाट तक के सोलर सिस्टम पर मिलने वाली सब्सिडी को 30 हजार रुपए प्रति किलोवाट से बढ़ाकर 40 हजार रुपए करने का ऐलान हो सकता है, जिससे स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा।
आयुष्मान भारत का दायरा बढ़ेगा
आयुष्मान भारत (पीएम-जेएवाई) योजना का दायरा बढ़ाया जा सकता है। वर्तमान में 70 साल से ऊपर के बुजुर्गों को इस योजना का लाभ मिलता है, जिसे घटाकर 60 साल किया जा सकता है, जिससे अधिक बुजुर्गों को स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।
क्या होगा सस्ता, क्या महंगा: GST बनाम इंपोर्ट ड्यूटी
यह समझना महत्वपूर्ण है कि आपकी थाली की सब्जी से लेकर स्मार्टफोन तक, ज्यादातर चीजों के दाम जीएसटी काउंसिल तय करती है, न कि वित्त मंत्री। बजट में मुख्य रूप से इंपोर्ट ड्यूटी के घटने-बढ़ने से ही कुछ सामानों की कीमतें प्रभावित होती हैं। इस बार उम्मीद है कि इंपोर्ट ड्यूटी घटने से सोना और चांदी सस्ते होंगे।
Arvind Vishwakarma