तमिलनाडु में सरकार गठन की हलचल: विजय की TVK को कांग्रेस, लेफ्ट, VCK का समर्थन
तमिलनाडु में अभिनेता विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) की सरकार बनना लगभग तय है। सूत्रों के अनुसार, छोटे दल जैसे VCK, CPI और CPM ने TVK को समर्थन देने पर सहमति जताई है। इस बीच, TVK के प्रमुख विजय आज शाम लोकभवन में राज्यपाल राजेंद्र आर्लेकर से मुलाकात करेंगे। यह मुलाकात हाल के राजनीतिक घटनाक्रम के बाद सरकार बनाने का दावा पेश करने के उनके तीसरे प्रयास के रूप में देखी जा रही है।
छोटे दलों का समर्थन और कांग्रेस की भूमिका
VCK, CPI और CPM, जिनमें से प्रत्येक के 2 विधायक चुने गए हैं, ने TVK को समर्थन देने की पेशकश की है। 5 विधायकों वाली कांग्रेस पार्टी पहले ही समर्थन का ऐलान कर चुकी है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने CPI के जनरल सेक्रेटरी डी राजा से बात कर तमिलनाडु में सेक्युलर सरकार बनाने के लिए TVK को समर्थन देने की अपील की है।
DMK और AIADMK के बीच गठबंधन की खबर
इस बीच, DMK और AIADMK के बीच गठबंधन होने की खबरें आ रही हैं। TVK ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि यदि दोनों द्रविड़ पार्टियां सरकार बनाने का दावा पेश करती हैं, तो पार्टी के सभी विधायक इस्तीफा दे देंगे। TVK को आशंका है कि ये दोनों पार्टियां सबसे ज्यादा जनसमर्थन पाने वाली पार्टी को सत्ता से बाहर करना चाहती हैं।
राज्यपाल का रुख और विरोध प्रदर्शन
राज्यपाल राजेंद्र अर्लेकर ने गुरुवार को दूसरी बार TVK प्रमुख विजय के सरकार बनाने के दावे को खारिज कर दिया था। उन्होंने विजय से बहुमत साबित करने के लिए 118 विधायकों के हस्ताक्षर लेकर लौटने को कहा। हालांकि, राज्यपाल ने विजय को आश्वासन दिया कि वे किसी अन्य पार्टी को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित नहीं करेंगे। इस बीच, TVK समर्थकों ने शुक्रवार सुबह राज्यपाल हाउस के सामने प्रदर्शन और नारेबाजी की, जिसके बाद पुलिस ने कई समर्थकों को हिरासत में लिया। तमिलनाडु कांग्रेस ने भी राज्यपाल के खिलाफ राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन शुरू किया है, जिसमें उन पर "कठपुतली" की तरह काम करने और लोकतांत्रिक नियमों को तोड़ने का आरोप लगाया गया है।
अन्य दलों की प्रतिक्रियाएं
तमिलनाडु से BJP के एकमात्र चुने हुए विधायक भोजराजन ने कहा है कि सरकार बनाने से जुड़े सभी बड़े फैसले पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व लेगा। AIADMK सांसद एम थंबीदुरई ने कहा कि जनता चाहती है कि AIADMK फिर से सत्ता में लौटे। DMK प्रवक्ता टीकेएस एलंगोवन ने DMK और AIADMK के बीच गठबंधन की संभावना को सिरे से खारिज कर दिया है।
कर्नाटक मंत्री की टिप्पणी
कर्नाटक के मंत्री प्रियंक खड़गे ने राज्यपाल के रुख पर सवाल उठाते हुए कहा कि अगर सबसे बड़ी पार्टी बहुमत का दावा करती है, तो उसे सदन में इसे साबित करने का मौका मिलना चाहिए। उन्होंने महाराष्ट्र और कर्नाटक में सरकार गठन के उदाहरणों का भी उल्लेख किया।
TVK कार्यकर्ताओं की प्रार्थना और समर्थकों का इंतजार
TVK कार्यकर्ताओं ने तमिलनाडु के कडलूर जिले में विशेष पूजा-अर्चना की और विजय के मुख्यमंत्री बनने की प्रार्थना की। विजय के आवास के बाहर उनके प्रशंसक उन्हें मुख्यमंत्री के रूप में देखने के लिए बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
पुडुचेरी में अन्नाद्रमुक विधायकों का स्थानांतरण
तमिलनाडु में सरकार गठन के बीच अन्नाद्रमुक के 28 विधायक पुडुचेरी के एक रिसॉर्ट में शिफ्ट किए गए हैं। ये विधायक वरिष्ठ नेता सीवी शनमुगम के समर्थक बताए जा रहे हैं।
Vivek Singh