अभिनेत्री-सिंगर सुलक्षणा पंडित का निधन
मुंबई। भारतीय सिनेमा की मशहूर अभिनेत्री और गायिका सुलक्षणा पंडित का गुरुवार को 71 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उनके भाई और प्रसिद्ध संगीतकार ललित पंडित ने उनके निधन की पुष्टि की। बताया गया कि उन्हें कार्डिक अरेस्ट हुआ था।
संगीत और अभिनय में योगदान
12 जुलाई, 1954 को जन्मी सुलक्षणा संगीत-परिवार से ताल्लुक रखती थीं। उनके चाचा महान शास्त्रीय गायक पंडित जसराज थे। उन्होंने नौ वर्ष की उम्र से ही संगीत सीखना शुरू कर दिया था। सुलक्षणा ने चलते-चलते, उलझन, और अपनापन जैसी फिल्मों में गाने गाए। 1975 में फिल्म 'संकल्प' के गीत 'तू ही सागर है तू ही किनारा' के लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ गायिका का फिल्मफेयर अवार्ड मिला। वह अभिनय में भी सक्रिय रहीं और कई चर्चित फिल्मों में भूमिका अदा की।
निजी जीवन और संजीव कुमार
सुलक्षणा आजीवन अविवाहित रहीं। उन्होंने अभिनेता संजीव कुमार के साथ अपनी पहली फिल्म 'उलझन' (1975) में स्क्रीन साझा की और उनके प्रति आकर्षित हो गईं। हालांकि, संजीव कुमार ने उनके प्रस्ताव को ठुकरा दिया। संयोगवश उनका निधन छह नवंबर को उसी दिन हुआ, जिस दिन संजीव कुमार की पुण्यतिथि होती है।
सुलक्षणा पंडित का निधन भारतीय सिनेमा और संगीत जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है।
Pushpendra Chaubey