राकेश अग्निहोत्री: ✅✅✅🙏 तब मुख्यमंत्री के चेहरे पर सस्पेंस, अब संकल्पों की समीक्षा! तब मोदी की गारंटी, भाजपा का भरोसा, अब सरकार की जवाबदेही! भोपाल में अधिकारियों का चिंतन, चित्रकूट में मंत्रियों का मंथन! उपलब्धियों के उत्सव के बीच अधूरे वादों का भी खुलेगा अध्याय? संगठन की अपेक्षाएं, सरकार की प्राथमिकताएं और कार्यकर्ताओं की जमीनी प्रतिक्रिया! क्या अगले दो साल की कार्ययोजना का आधार बनेगा संकल्प पत्र? मध्य प्रदेश में मोहन यादव सरकार तीन साल पूरे करने जा रही है और अगले विधानसभा चुनाव के लिए करीब दो साल का समय बचा है। दो दिसंबर को भोपाल में अधिकारियों का नीति चिंतन, 13 दिसंबर को सरकार की तीसरी वर्षगांठ और 21-22 दिसंबर को चित्रकूट में मंत्रियों का चिंतन शिविर प्रस्तावित है। इन तारीखों के बीच तीन साल पुरानी राजनीतिक तस्वीर भी याद करना जरूरी है। 20 अगस्त 2023 को अमित शाह ने भाजपा सरकार का रिपोर्ट कार्ड पेश किया था, 11 नवंबर को जेपी नड्डा ने संकल्प पत्र जारी किया और 13 दिसंबर को मोहन यादव ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। तब मुख्यमंत्री का चेहरा तय नहीं था, लेकिन जनता के प्रति संकल्प तय थे। आज सरकार का चेहरा भी सामने है और तीन साल का कार्यकाल भी। ऐसे में सवाल यही है कि क्या सरकार अपने 'जन संकल्प पत्र' के पन्ने पलटेगी? क्या उपलब्धियों के उत्सव के साथ अधूरे संकल्पों की समीक्षा भी होगी? तब चेहरे पर चर्चा, अब संकल्पों की परीक्षा! जरा तीन साल पीछे लौटिए। 20 अगस्त 2023 को भोपाल में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भाजपा सरकार के बीस वर्षों का रिपोर्ट कार्ड जारी किया था। शिवराज सिंह चौहान मुख्यमंत्री थे, लेकिन भाजपा ने चुनाव के लिए मुख्यमंत्री पद का कोई उम्मीदवार औपचारिक रूप से घोषित नहीं किया था। नरेंद्र सिंह तोमर, प्रह्लाद पटेल, कैलाश विजयवर्गीय और ज्योतिरादित्य सिंधिया जैसे दिग्गजों के नाम राजनीतिक चर्चाओं में थे। संभावित चेहरे अनेक थे, लेकिन पार्टी का चुनावी संकल्प एक था। 11 नवंबर 2023 को भोपाल के मिंटो हॉल में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में संकल्प पत्र जारी किया। मोदी की गारंटी और भाजपा के भरोसे के साथ जनता के सामने विकास और जनकल्याण की कार्ययोजना रखी गई। तीन दिसंबर को चुनाव परिणाम आए। भाजपा ने 163 सीटें जीतीं। मुख्यमंत्री पद को लेकर तमाम राजनीतिक चर्चाओं के बीच 13 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह और जेपी नड्डा की मौजूदगी में मोहन यादव ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। अगले ही दिन, 14 दिसंबर को मुख्यमंत्री ने अधिकारियों के हाथों में संकल्प पत्र की प्रतियां थमाकर एक सप्ताह में विभागवार रोडमैप तैयार करने के निर्देश दिए थे। अब तीन साल बाद सवाल है कि जिन अधिकारियों को संकल्प पत्र सौंपा गया था, क्या उनसे उसी दस्तावेज की प्रगति का हिसाब भी मांगा जाएगा? भोपाल का चिंतन, चित्रकूट का मंथन! सरकार के पास अधिकारियों के आंकड़े हैं, संगठन के पास कार्यकर्ताओं का अनुभव और जनता के पास योजनाओं के क्रियान्वयन की वास्तविक तस्वीर है। क्या आगामी चिंतन शिविरों में इन तीनों का समन्वय दिखाई देगा? गेहूं की 2700 और धान की 3100 रुपये प्रति क्विंटल पर खरीदी, लाड़ली बहनों को आवास और प्रत्येक परिवार के कम से कम एक सदस्य को रोजगार या स्वरोजगार का अवसर देने जैसे संकल्पों की वर्तमान स्थिति क्या है? कितना बजट दिया गया, कितने लोगों को लाभ मिला, कितने पात्र लोग प्रतीक्षा में हैं और शेष काम कब तक पूरा होगा? क्या दो दिसंबर को भोपाल में अधिकारी विभागवार इन सवालों के जवाब तलाशेंगे और 21-22 दिसंबर को चित्रकूट में मंत्री उनके आधार पर अपनी प्राथमिकताएं तय करेंगे? सरकार की उपलब्धियों का अपना महत्व है, लेकिन संगठन की अपेक्षाओं, कार्यकर्ताओं की प्रतिक्रियाओं और मतदाताओं के अनुभव का भी आकलन जरूरी है। आंकड़े योजनाओं की प्रगति बताते हैं, जबकि जनसंवाद उनके वास्तविक प्रभाव की तस्वीर सामने रखता है। तीन साल का अनुभव, दो साल का रोडमैप! चित्रकूट का चिंतन शिविर सरकार के लिए उपलब्धियों की समीक्षा के साथ भविष्य की दिशा तय करने का अवसर है। बेहतर होगा कि प्रत्येक मंत्री के सामने उसके विभाग से संबंधित संकल्प पत्र के पन्ने भी रखे जाएं। संकल्पों को तीन श्रेणियों में बांटा जाए—पूर्ण, प्रगतिरत और शेष। अधूरे कामों की वजह, उन्हें पूरा करने की समयसीमा, बजट और जिम्मेदारी तय हो। हर छह महीने में सार्वजनिक संकल्प प्रगति पत्र जारी करने की व्यवस्था पर भी विचार हो। 20 अगस्त 2023 को अमित शाह ने पुरानी सरकार के कामकाज का हिसाब दिया था। 11 नवंबर को जेपी नड्डा ने नए संकल्प जनता के सामने रखे थे और 13 दिसंबर को मोहन यादव ने उन संकल्पों को पूरा करने वाली सरकार की कमान संभाली थी। अब दिसंबर 2026 में फिर चिंतन और मंथन का दौर है। सवाल दर सवाल यही है कि क्या भोपाल के चिंतन में संकल्पों का हिसाब होगा और चित्रकूट के मंथन से शेष संकल्पों को पूरा करने का रास्ता निकलेगा? तब मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर उत्सुकता थी, आज सरकार के कामकाज को लेकर जनता की अपेक्षाएं हैं। संकल्प से सिद्धि, चिंतन से स्पष्टता, मंथन से मार्ग, समीक्षा से सुधार और जवाबदेही से जनविश्वास की यात्रा ही सरकार की तीन साल की समीक्षा को सार्थक बनाएगी..!
क्या सरकार 'जन संकल्प पत्र' के पन्ने पलटेगी? ..तीन साल का हिसाब, दो साल की चुनौती, जनता की कसौटी पर सरकार के संकल्प! सवाल दर सवाल (राकेश अग्निहोत्री)