बडगाम के अशदार गली में मुठभेड़, एक आतंकी ढेर; AK राइफल बरामद
खुफिया सूचना पर शुरू हुआ जॉइंट ऑपरेशन
गुरुवार शाम को सुरक्षाबलों को खुफिया सूचना मिली कि आतंकियों का एक संदिग्ध समूह पुलवामा जिले के पाखेरपोरा से बडगाम के यूसमर्ग की ओर बढ़ रहा है। इस पुख्ता सूचना के आधार पर भारतीय सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और CRPF ने बडगाम के अशदार गली इलाके में संयुक्त अभियान आरंभ किया। चिनार कॉर्प्स ने X पोस्ट के माध्यम से इस ऑपरेशन की जानकारी दी।
चिनार कॉर्प्स के मुताबिक, गुरुवार शाम को जवानों ने इलाके में संदिग्ध गतिविधि देखी। संदिग्ध आतंकियों से आत्मसमर्पण के लिए कहा गया, जिसके जवाब में आतंकियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। इसके बाद सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच तेज मुठभेड़ हुई।
एक आतंकी मारा गया, दूसरे की तलाश जारी
शुक्रवार को चली इस मुठभेड़ में एक आतंकी मारा गया। सेना के अधिकारियों के अनुसार मारे गए आतंकी की पहचान अभी नहीं हो पाई है। मुठभेड़ स्थल से एक AK राइफल बरामद की गई है। सुरक्षाबलों को जंगल में एक और आतंकी के छिपे होने की आशंका है, जिसकी तलाश जारी है।
घाटी में यह करीब दो महीने बाद हुई मुठभेड़ है। इससे पहले 9 जुलाई को शोपियां के चानपोरा में एनकाउंटर हुआ था, जिसमें सेना ने लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के दो टॉप ऑपरेटिव मार गिराए थे।
Bhavanesh Soni