बेलांगज में नीतीश कुमार के मंच का हिस्सा धंसा
गयाजी के बेलागंज में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक चुनावी रैली को संबोधित किया। इस दौरान जनता से जेडीयू प्रत्याशी मनोरमा देवी के पक्ष में वोट देने की अपील की। सभा के दौरान मंच पर समर्थकों की भारी भीड़ के कारण एक हिस्सा धंस गया। सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत ही स्थिति संभालते हुए मुख्यमंत्री को वहां से सुरक्षित निकाल लिया।
मंच पर भीड़ के कारण घटना
जनसभा की शुरुआत में मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए समर्थकों की भीड़ मंच पर चढ़ गई। अत्यधिक लोगों के जमा होने से मंच का एक हिस्सा बीच से धंस गया। इस घटना से हलचल मच गई, लेकिन सुरक्षा टीम ने तुरंत ही भीड़ को नियंत्रित कर लिया।
बिहार में कानून का राज
इससे पहले नीतीश कुमार ने इमामगंज में केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी की बहू दीपा मांझी के समर्थन में महागठबंधन पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि 2005 के बाद से बिहार में बड़े स्तर पर विकास कार्य हुए हैं। पहले की स्थिति को याद दिलाते हुए उन्होंने बताया कि शाम के बाद लोग घरों से बाहर निकलने से डरते थे। लेकिन अब कानून का राज है और राज्य में शांति का माहौल है।
बिहार के विकास पर जोर
नीतीश कुमार ने बताया कि उनकी सरकार ने राज्य में शिक्षा, सड़क और स्वास्थ्य के क्षेत्र में सुधार किए हैं। उन्होंने केंद्र सरकार का भी आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बिहार को काफी मदद मिली है। नीतीश कुमार ने लोगों से अपील की कि वे दीपा मांझी को भारी बहुमत से जिताएं ताकि बिहार में विकास के और भी ज्यादा काम हो सकें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार अब हर तरफ से प्रगति कर रहा है और आने वाले समय में राज्य और आगे बढ़ेगा। यह स्पष्ट है कि उनकी सरकार राज्य में कानून और व्यवस्था को बनाए रखने के साथ-साथ विकास को प्राथमिकता दे रही है।
Adarsh Chaurasiya