भाकपा माले ने जारी किया परिवर्तन संकल्प पत्र , चुनावी वादों की भरमार

· 1 min read
भाकपा माले ने जारी किया  परिवर्तन संकल्प पत्र , चुनावी वादों की भरमार

भाकपा माले ने जारी किया परिवर्तन संकल्प पत्र

भाकपा माले ने रविवार को बिहार विधानसभा चुनाव के लिए अपना परिवर्तन संकल्प पत्र जारी किया। पार्टी ने ग्रामीण क्षेत्रों में भूमिहीनों और बेघरों को 5 डिसमिल जमीन और शहरी इलाकों में 3 डिसमिल जमीन-मकान देने का वादा किया है। इसके साथ ही, फसलों की सरकारी खरीद और उचित दाम की गारंटी का भी आश्वासन दिया गया।

कई वादों की घोषणा

भाकपा माले ने किसानों और ग्रामीण मजदूरों के कर्ज माफी, वंचित समुदायों को 65 प्रतिशत आरक्षण और इसे 9वीं अनुसूची में दर्ज कराने की पहल का संकल्प लिया। महिलाओं को प्रतिमाह 2500 रुपये, वृद्धावस्था पेंशन 1500 रुपये, दिव्यांगजनों को 3000 रुपये का वादा किया गया है। पार्टी ने दैनिक मजदूरी को 600 रुपये करने, बटाईदारों को पहचान-पत्र देने और कृषि आधारित उद्योग-धंधों पर जोर देने की बात कही है।

शिक्षा और स्वास्थ्य पर जोर

समान शिक्षा प्रणाली लागू करने, निजी शिक्षा पर नियंत्रण, हर पंचायत में डॉक्टर और दवा के साथ सुसज्जित स्वास्थ्य केंद्र स्थापित करने का वादा किया गया है। इसके अलावा, सभी रिक्त पदों पर तत्काल बहाली और प्रवासी मजदूरों की सुरक्षा के लिए निदेशालय व राज्यवार सहायता केंद्र बनाने की घोषणा की गई।

अन्य महत्वपूर्ण संकल्प

अल्पसंख्यकों के अधिकारों की रक्षा, वक्फ संपत्तियों की सुरक्षा और सच्चर कमेटी की सिफारिशें लागू करने की बात कही गई है। बाढ़ और सुखाड़ नियंत्रण के लिए टिकाऊ समाधान और अवैध खनन पर रोक लगाने का संकल्प लिया गया है। शराबबंदी कानून की समीक्षा और महंगाई पर नियंत्रण के लिए न्यायपूर्ण नीति का भी वादा किया गया है।

Bhavanesh Soni