भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह के पिता का निधन , लिवर कैंसर से जूझ रहे थे

· 1 min read
भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह  के  पिता का निधन ,  लिवर कैंसर  से जूझ रहे थे

भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह के पिता का निधन

भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह के पिता खानचंद सिंह (60) का शुक्रवार सुबह करीब 4.36 बजे निधन हो गया। वे चौथे स्टेज के लिवर कैंसर से पीड़ित थे। उनकी तबीयत ज्यादा बिगड़ने के बाद उन्हें अलीगढ़ से ग्रेटर नोएडा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनका इलाज चल रहा था।

पिता की बिगड़ी तबीयत पर रिंकू पहले भी लौटे थे घर

पिता की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिलते ही रिंकू सिंह मंगलवार को टीम इंडिया का साथ छोड़कर घर लौट आए थे। उस वक्त वह टीम के साथ चेन्नई में थे और उन्हें टी-20 विश्वकप के दौरान टीम का प्रैक्टिस सेशन छोड़ना पड़ा था। 25 फरवरी को रिंकू चेन्नई लौटकर टीम के साथ जुड़ गए थे, हालांकि 26 फरवरी को चेन्नई में जिम्बाब्वे के खिलाफ सुपर-8 के मैच में वे प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं थे और सब्सिट्यूट के तौर पर फील्डिंग कर रहे थे। सूत्रों के मुताबिक, पिता के निधन की खबर मिलने के बाद रिंकू तुरंत वापस लौट रहे हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि रिंकू आगे टीम इंडिया का हिस्सा बनेंगे या नहीं।

संघर्षों से भरा रहा रिंकू का बचपन

क्रिकेटर रिंकू का बचपन काफी कठिनाई भरा रहा है। उनके पिता गैस सिलेंडर डिलीवरी का काम करते थे। रिंकू ने एक इंटरव्यू में बताया था कि परिवार में पांच भाई थे और सभी पिता को सपोर्ट करते हुए बाइक पर 2-2 सिलेंडर रखकर होटलों और घरों में डिलीवर करने जाते थे। रिंकू ने टेनिस और लेदर बॉल से क्रिकेट खेलना शुरू किया था। शुरुआत में उनके घरवाले, खासकर पिता, उन्हें खेलने से मना करते थे और पढ़ाई पर ध्यान देने को कहते थे। हालांकि, उनकी मां ने उन्हें थोड़ा सपोर्ट किया और एक बार उन्हें टूर्नामेंट खेलने के लिए दुकान से एक हजार रुपए उधार लेकर दिए थे।

रिंकू की सगाई और मौजूदा प्रदर्शन

रिंकू सिंह की प्रिया सरोज से सगाई हो चुकी है और आईपीएल के बाद उनकी शादी होने वाली है। भारतीय टीम में छठे या सातवें नंबर पर बल्लेबाजी करने वाले रिंकू को टीम फिनिशर के तौर पर इस्तेमाल करती है। हालांकि, मौजूदा वर्ल्ड कप उनके लिए अच्छा नहीं रहा है। इस टूर्नामेंट में वे 5 मैचों में केवल 24 रन ही बना सके हैं। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पिछले मैच में वे खाता भी नहीं खोल सके थे। टूर्नामेंट में उनका स्कोर 6, 1, 11, 6 और 0 रहा है, हालांकि वे पाकिस्तान और नीदरलैंड के खिलाफ नाबाद रहे थे।

Sharad Shrivastava