भोपाल में ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर 'आरोह-2026' का शुभारंभ
भोपाल के टीटी नगर स्टेडियम में मंगलवार रात ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर 'आरोह-2026' का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर खिलाड़ियों ने विभिन्न खेलों में अपना कौशल प्रदर्शित किया।
'खेल मैदान से व्यक्तित्व निर्माण तक समग्र विकास हमारा लक्ष्य'
शिविर का शुभारंभ करते हुए मंत्री सारंग ने कहा कि खेल के मैदान से व्यक्तित्व का निर्माण होता है और हमारा लक्ष्य युवाओं का समग्र विकास सुनिश्चित करना है। इस वर्ष शिविर को पारंपरिक प्रशिक्षण से आगे बढ़ाते हुए समग्र व्यक्तित्व विकास के दृष्टिकोण से नया स्वरूप और नया नाम 'आरोह' दिया गया है, जिसका अर्थ है निरंतर शिखर की ओर प्रगति करना।
शिविर में खेल कौशल के साथ जीवन कौशल भी सिखाए जाएंगे
मंत्री सारंग ने बताया कि 'आरोह' शिविर युवाओं को न केवल खेल कौशल सिखाएगा, बल्कि जीवन कौशल भी विकसित करेगा। शिविर में खेल प्रशिक्षण के साथ-साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर केंद्रित गतिविधियां शामिल की गई हैं। हमारा उद्देश्य ऐसी युवा पीढ़ी तैयार करना है जो शारीरिक रूप से सशक्त, मानसिक रूप से संतुलित और सामाजिक रूप से जागरूक हो। प्रदेश भर के विद्यार्थियों के लिए विभिन्न आयामों में गतिविधियां आयोजित की जाएंगी, जिससे उनका समग्र विकास सुनिश्चित होगा।
'आरोह' में शामिल प्रमुख गतिविधियां
'आरोह' में इस वर्ष खेल गतिविधियों के अलावा फिटनेस एवं स्वास्थ्य जागरूकता, व्यक्तित्व एवं नेतृत्व विकास, सांस्कृतिक एवं मनोरंजन गतिविधियां, सामाजिक एवं पारिवारिक जुड़ाव, नशा मुक्ति, साइबर सुरक्षा एवं सामाजिक जागरूकता, तथा करियर मार्गदर्शन जैसी गतिविधियों को शामिल किया गया है, ताकि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित किया जा सके।
मलखंभ और रस्साकसी की प्रस्तुतियों ने बढ़ाया उत्साह
कार्यक्रम के दौरान मलखंभ और रस्साकसी की शानदार प्रस्तुतियां भी हुईं, जिन्होंने उपस्थित विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर खेल और युवा कल्याण विभाग के अपर सचिव अजय श्रीवास्तव, संचालक अंशुमान यादव, संयुक्त संचालक बीएस यादव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
Sachin Saxena