भोपाल में PWD के पूर्व अफसर के घर छापेमारी; करोड़ों की संपत्ति का खुलासा
लोकायुक्त पुलिस ने गुरुवार सुबह भोपाल में लोक निर्माण विभाग (PWD) के पूर्व चीफ इंजीनियर गोविंद प्रसाद मेहरा के ठिकानों पर बड़ा छापा मारा। यह कार्रवाई उनके खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच के तहत की गई।
नकदी, सोना और कीमती दस्तावेज जब्त
भोपाल के मणिपुरम कॉलोनी में स्थित निवास से 8.79 लाख नकद, 50 लाख के सोने-चांदी के आभूषण और 56 लाख की फिक्स डिपॉजिट दस्तावेज मिले। ओपल रेजेंसी फ्लैट से 26 लाख नकद, 2.649 किलोग्राम सोना (कीमत 3.05 करोड़) और 5.523 किलोग्राम चांदी (कीमत 5.93 लाख) बरामद की गई। नकदी की गिनती के लिए नोट गिनने की मशीनें मंगानी पड़ीं।
फार्महाउस से 17 टन शहद और लग्जरी सामान
ग्राम सैनी (सोहागपुर) के फार्महाउस से 17 टन शहद, 6 ट्रैक्टर, 32 निर्माणाधीन कॉटेज, 7 तैयार कॉटेज, 2 मछली पालन केंद्र और 2 गौशालाएं बरामद हुईं। इसके अलावा, मेहरा परिवार के नाम पर 4 लग्जरी कारें भी दर्ज पाई गईं।
भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत मामला दर्ज
लोकायुक्त एसपी दुर्गेश राठौर ने बताया कि मेहरा और उनके परिजनों के नाम पर करोड़ों की नामी और बेनामी संपत्तियां मिली हैं। प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने पर उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) के तहत मामला दर्ज किया गया है।