अखिलेश यादव ने बिहार में राजद के लिए मांगे वोट
बिहार चुनाव के दूसरे चरण के लिए प्रचार अभियान जोर-शोर से जारी है। सपा अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मधुबनी में एक चुनावी रैली को संबोधित किया। उन्होंने इस दौरान बीजेपी पर निशाना साधते हुए महागठबंधन के लिए वोट मांगे।
लालटेन से दी नई सोच की मिसाल
रैली में अखिलेश यादव ने लालटेन दिखाते हुए कहा कि यह एलईडी वाली लालटेन है, जो नई सोच का प्रतीक है। उन्होंने युवाओं को रोजगार, शिक्षा और लैपटॉप देने की बात की। साथ ही तेजस्वी यादव को सुझाव दिया कि वे बेटियों को साइकिल और अच्छे अंक लाने पर लैपटॉप की सुविधा दें।
भाजपा पर निशाना और तेजस्वी के समर्थन में बयान
अखिलेश यादव ने भाजपा पर कटाक्ष करते हुए कहा कि बीजेपी के नेता लैपटॉप चलाना भी नहीं जानते। उन्होंने तेजस्वी यादव को बिहार का अगला मुख्यमंत्री बनने का समर्थन दिया और कहा कि महागठबंधन के साथ मिलकर बिहार को नया स्वरूप देंगे। उन्होंने रोजगार, नौकरियों की व्यवस्था, दलित-पिछड़े समाज के सम्मान और किसानों की समृद्धि का वादा किया।
बिहार से भाजपा के पलायन की भविष्यवाणी
उन्होंने कहा कि चुनाव प्रचार 11 नवंबर को समाप्त हो जाएगा, और उसके दो दिन बाद भाजपा का पलायन हो जाएगा। अखिलेश यादव ने महागठबंधन के समर्थन में एक दर्जन से अधिक रैलियां की हैं और बिहार व यूपी के चुनावों में युवा नेतृत्व को बढ़ावा देने की बात कही।
Navjeet Kaur