बीजापुर में एनकाउंटर: 3 नक्सलियों के मारे जाने की खबर
छत्तीसगढ़-तेलंगाना बॉर्डर पर बीजापुर जिले के अन्नाराम और मरीमल्ला के जंगलों में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ जारी है। जवानों ने नक्सलियों को घेर लिया है और दोनों ओर से फायरिंग हो रही है। इस एनकाउंटर में 3 नक्सलियों के मारे जाने की खबर है, हालांकि पुलिस ने अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
मददेड एरिया कमेटी से हुई मुठभेड़
मुठभेड़ नक्सलियों की मददेड एरिया कमेटी से हुई है। जवानों ने जंगल से बड़ी मात्रा में हथियार बरामद किए हैं। इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है। सुरक्षाबलों ने बस्तर क्षेत्र में नक्सलियों के खात्मे के लिए अभियान तेज कर दिया है।
बड़ी कार्रवाई की तैयारी
इस ऑपरेशन की शुरुआत बीजापुर से हो रही है, जिसमें नारायणपुर, बस्तर, दंतेवाड़ा और सुकमा से डीआरजी के जवानों की 10 से अधिक टीमें शामिल हैं। जवानों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं और उन्हें ड्यूटी पर रहने का निर्देश दिया गया है। यह ऑपरेशन अबूझमाड़ और करेंगुट्टा जैसे बड़े अभियानों की तरह चलाया जाएगा।
पहले भी बड़ी कार्रवाई
28 सितंबर को छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा पर गरियाबंद और कांकेर पुलिस ने मुठभेड़ में 3 इनामी नक्सलियों को मार गिराया था। इसके अलावा 22 सितंबर को नारायणपुर जिले में 2 सेंट्रल कमेटी सदस्यों को और 11 सितंबर को गरियाबंद में 10 इनामी नक्सलियों को मार गिराया गया था।
नक्सलवाद के खात्मे का संकल्प
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 31 मार्च 2026 तक देश से नक्सलवाद खत्म करने की डेडलाइन जारी की थी। इसके बाद से सुरक्षा बलों द्वारा नक्सलियों के खिलाफ ऑपरेशन तेज कर दिए गए हैं।
Bhavanesh Soni