बजट सत्र का दूसरा चरण 9 मार्च से शुरू, लोकसभा स्पीकर को हटाने का प्रस्ताव पहले दिन ही आएगा
संसद के बजट सत्र का दूसरा चरण 9 मार्च से शुरू होकर 2 अप्रैल तक चलेगा। इस दौरान, पहले ही दिन लोकसभा स्पीकर ओम बिरला को पद से हटाने का प्रस्ताव लाया जाएगा। भाजपा और कांग्रेस दोनों ही प्रमुख दलों ने अपने लोकसभा सांसदों को 9 से 11 मार्च तक सदन में मौजूद रहने के लिए 3-लाइन व्हिप जारी किया है।
स्पीकर को हटाने के प्रस्ताव पर सियासी हलचल
कांग्रेस ने अपने सांसदों को इन दिनों सदन में मौजूद रहने को कहा है, क्योंकि लोकसभा स्पीकर को हटाने के प्रस्ताव पर चर्चा की संभावना है। वहीं, भाजपा ने भी अपने सांसदों को उपस्थित रहने का निर्देश दिया है। विपक्ष ने स्पीकर ओम बिरला को पद से हटाने के लिए प्रस्ताव का नोटिस दिया है, जिस पर 118 सांसदों ने हस्ताक्षर किए हैं। हालांकि, तृणमूल कांग्रेस के 29 सांसदों ने इस नोटिस पर हस्ताक्षर नहीं किए हैं, लेकिन सूत्रों के अनुसार वे लोकसभा अध्यक्ष के खिलाफ वोट करेंगे।
स्पीकर पर पक्षपातपूर्ण रवैये का आरोप
आरोप है कि स्पीकर ओम बिरला ने सदन की कार्यवाही चलाने में पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाया और विपक्षी नेताओं को बोलने का पर्याप्त मौका नहीं दिया। इसी कारण विपक्ष उनके खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया है।
प्रस्ताव पारित होना कठिन
नियमों के अनुसार, स्पीकर को हटाने का प्रस्ताव लोकसभा में साधारण बहुमत से पारित होता है। मौजूदा लोकसभा में एनडीए के पास 290 से अधिक सांसदों का समर्थन है, जिससे यह प्रस्ताव पारित होना कठिन प्रतीत होता है। प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान स्पीकर स्वयं सदन की अध्यक्षता नहीं करेंगे, लेकिन उन्हें अपना पक्ष रखने और मतदान करने का अधिकार होगा।
Adarsh Chaurasiya