CJP फाउंडर अभिजीत दीपके फ्लाइट में हिरासत में, जंतर-मंतर प्रदर्शन से पहले

· 1 min read
CJP फाउंडर अभिजीत दीपके फ्लाइट में हिरासत में, जंतर-मंतर प्रदर्शन से पहले

कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके को मुंबई-दिल्ली फ्लाइट में हिरासत में लिया गया

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के फाउंडर अभिजीत दीपके को मुंबई से दिल्ली पहुंची फ्लाइट के अंदर ही हिरासत में ले लिया गया। उनके साथ CJP नेता सौरव दास और आशुतोष रांका को भी पुलिस अपने साथ ले गई। वे मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जंतर-मंतर पर होने वाले प्रदर्शन में शामिल होने दिल्ली पहुंचे थे।

फ्लाइट के अंदर का घटनाक्रम

फ्लाइट के अंदर से एक वीडियो सामने आया है जिसमें महिला पुलिसकर्मी दीपके और CJP के दूसरे नेताओं को हिरासत में लेते दिख रही हैं। दो मिनट के वीडियो में दीपके कहते सुनाई देते हैं, “आप देख सकते हैं कि देश किस दिशा में जा रहा है। हमें फ्लाइट में ही हिरासत में लिया जा रहा है। ऐसा तो कभी इंदिरा गांधी ने भी नहीं किया था। यह तानाशाही है, लेकिन हम इनसे डरते नहीं हैं।” दीपके पुलिसकर्मियों की ओर इशारा करते हुए कहते हैं, “आओ, हमें गिरफ्तार कर लो। हम गिरफ्तार होने ही आए हैं। मैं आपसे डरता नहीं हूं। हम गिरफ्तारी के लिए तैयार हैं।”

इस पर एक पुलिसकर्मी जवाब देती हैं, “नहीं, यह गिरफ्तारी नहीं है। सर, कृपया कॉपरेट करें।” इसके बाद दीपके और फ्लाइट में बैठे उनके साथियों ने ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाए। दीपके ने ‘इंकलाब जिंदाबाद’ के नारे भी लगाए।

पुलिस कार्रवाई और नेताओं की प्रतिक्रिया

फ्लाइट में महिला पुलिसकर्मी आगे खड़ी थीं। दीपके ने उनसे कहा, “आप लोग फ्लाइट में कैसे आ गए?” वहीं, पुलिसकर्मी उनसे बाहर आने के लिए कहती रहीं। आशुतोष और दीपके ने पुलिस से पुरुष पुलिसकर्मियों को आगे करने के लिए कहा। इस पर महिला पुलिसकर्मी उनसे बाहर आने का अनुरोध करती रहीं। आशुतोष और सौरभ दास के बाद महिला पुलिसकर्मियों ने दीपके को बाहर ले जाने की कोशिश की।

इस दौरान दीपके ने हाथ जोड़कर कहा, “मुझे अपना फोन तो लेने दीजिए। मैं अपना बैग ले लूं। मैं गिरफ्तार होने ही आया हूं।” इसके बाद पुलिस दीपके और उनके साथियों को फ्लाइट से बाहर ले गई। इस दौरान दीपके कहते सुनाई दिए, “कौन-सी जेल में डालोगे? राजस्थान की? NSA या UAPA, जो लगाना है लगाओ।”

Bhavanesh Soni