देवास के शिक्षक की शर्मनाक करतूत, क्लासरूम में महिला के साथ आपत्तिजनक हालत में पकड़ा गया

· 1 min read
देवास के शिक्षक  की शर्मनाक करतूत, क्लासरूम में महिला के साथ आपत्तिजनक हालत में पकड़ा गया

देवास के शिक्षक की शर्मनाक करतूत, वीडियो हुआ वायरल

मध्य प्रदेश के देवास जिले के उदयनगर संकुल के एक सरकारी स्कूल में एक शिक्षक की शर्मनाक हरकत का मामला सामने आया है। ग्राम पंचायत बिसाली के झिरी मोहल्ला स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक विक्रम कदम को स्कूल टाइम के दौरान क्लासरूम में एक महिला के साथ आपत्तिजनक हालत में पाया गया। इस घटना का वीडियो कुछ स्कूली बच्चों ने चुपके से बना लिया और अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

ग्रामीणों ने लगाए गंभीर आरोप

ग्रामीणों का कहना है कि विक्रम कदम इस स्कूल में कई सालों से पदस्थ है और लंबे समय से ऐसी हरकतें कर रहा है। बच्चों के सामने भी वह अक्सर महिला के साथ आपत्तिजनक स्थिति में दिखाई देता था। घटना का जो वीडियो सामने आया है, वह दो दिन पुराना बताया जा रहा है।

शिकायत और समझाइश का नहीं हुआ असर

ग्रामीणों ने यह भी बताया कि पहले भी इस मामले में शिकायत की गई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। दो दिन पहले गांव के पटेल और उपसरपंच ने उसे समझाने की कोशिश की थी, लेकिन उसका कोई असर नहीं हुआ। इस लापरवाही के कारण शिक्षक के हौसले और बढ़ गए थे।

शिक्षा विभाग ने दिए जांच के आदेश

इस मामले में प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी हरि सिंह भारती ने कहा कि वीडियो उनके संज्ञान में आया है। मामले की जांच के लिए एक टीम गठित की जाएगी। अगर आरोप सही पाए गए तो शिक्षक के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की जाएगी।

आरोपी शिक्षक ने वीडियो को बताया फेक

शिक्षक विक्रम कदम ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को खारिज कर दिया है। उनका कहना है कि उन्हें फंसाने के लिए यह फेक वीडियो बनाया गया है। उन्होंने इस संबंध में थाने में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।

शिक्षा में गिरते मानकों पर उठा सवाल

इस घटना ने सरकारी स्कूलों में नैतिकता और अनुशासन के गिरते स्तर को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। शिक्षा विभाग की भूमिका और समय पर कार्रवाई न होने के कारण ऐसे मामलों को बढ़ावा मिल रहा है।

जांच के बाद ही इस पूरे मामले की सच्चाई का पता चल पाएगा और आरोपों की पुष्टि होने पर दोषी शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।