धार में पत्नी ने कराई पति की हत्या, लूट का ड्रामा बेनकाब
धार जिले के गोंदीखेड़ा चारण गांव में हुई एक हत्या ने सबको झकझोर दिया। सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात को मिर्च कारोबारी देवकृष्ण पुरोहित (28) की हत्या कर दी गई थी। शुरुआती तौर पर पत्नी प्रियंका ने इसे लूटपाट और बंधक बनाने का मामला बताया, लेकिन पुलिस की जांच में सच्चाई सामने आ गई।
पत्नी ने रची प्रेमी संग मिलकर साजिश
पुलिस की शुरुआती पूछताछ में प्रियंका ने बताया था कि अज्ञात बदमाश घर में घुसे, उन्हें बंधक बनाया और ₹3 लाख के जेवर तथा ₹50 हजार कैश लूटकर उसके पति की हत्या कर दी। हालांकि, महज 6 घंटे की गहन जांच में पुलिस ने उसकी मनगढ़ंत कहानी का पर्दाफाश कर दिया। जांच में सामने आया कि प्रियंका ने अपने प्रेमी कमलेश के साथ मिलकर पति देवकृष्ण को रास्ते से हटाने की साजिश रची थी ताकि वे दोनों साथ रह सकें। यह मामला इंदौर के चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड जैसा ही पाया गया, जहां पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की थी।
पुलिस की सख्ती से खुला राज
एसपी मयंक अवस्थी के नेतृत्व में जांच टीम को प्रियंका के बयानों में विरोधाभास मिला। सख्ती से पूछताछ करने पर प्रियंका ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि उसकी शादी 15 साल की उम्र में ही हो गई थी और उसका समाज के ही कमलेश नामक व्यक्ति से प्रेम प्रसंग चल रहा था। प्रियंका मायके से लौटने के बाद ही इस हत्या की अंतिम योजना बनाई थी। पुलिस ने पत्नी और उसके प्रेमी सहित दो संदिग्धों को हिरासत में ले लिया है और जल्द ही इस पूरे मामले का आधिकारिक खुलासा प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से किया जाएगा।
Navjeet Kaur