दिल्ली एयरपोर्ट पर स्पाइसजेट और अकासा के विमान टकराए: पार्किंग एरिया में हादसा
दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर स्पाइसजेट और अकासा एयर के विमान आपस में टकरा गए। घटना गुरुवार दोपहर 2 बजे हुई।
जानकारी के मुताबिक अकासा का विमान हैदराबाद जाने के लिए तैयार खड़ा था। उसी समय लेह से आया स्पाइसजेट का विमान उससे टकरा गया।
हादसे में स्पाइसजेट के दाहिने पंख का हिस्सा अकासा के बाएं तरफ के पिछले पंख में जा घुसा। घटना के बाद एयरपोर्ट स्टाफ ने दोनों प्लेन में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित रूप से उतार लिया। हादसे में किसी यात्री को चोट नहीं लगी।
घटना के बाद स्पाइसजेट और अकासा के प्लेन दिल्ली में ही खड़े कर दिए गए हैं, यानी इन्हें अगली उड़ान के लिए इस्तेमाल नहीं किया जाएगा। घटना की जांच की जा रही है।
अकासा एयरलाइंस के प्रवक्ता ने बताया कि अकासा एयर की दिल्ली से हैदराबाद जा रही फ्लाइट पार्किंग एरिया में खड़ी थी, तभी दूसरे विमान ने उसे टक्कर मार दी। हमारी टीम यात्रियों को जल्द से जल्द हैदराबाद भेजने के लिए दूसरा इंतजाम कर रही है।
देश में विमानों की इमरजेंसी लैंडिंग और खराबी की पिछली घटनाएं…
मार्च 2026: इंडिगो फ्लाइट का इंजन फेल, दूसरे इंजन से दिल्ली में इमरजेंसी लैंडिंग
विशाखापट्टनम से दिल्ली आ रही इंडिगो की फ्लाइट 6E 579 की दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर इंजन बंद होने की वजह से इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई थी। फ्लाइट में 160 यात्री सवार थे। विमान की सुरक्षित लैंडिंग के लिए एयरपोर्ट के रनवे 28 पर 'फुल इमरजेंसी' लागू की गई थी। जिस बोइंग 737 विमान (TC-CON) के इंजन में खराबी आई, वह तुर्की की कोरेनडन एयरलाइन्स से लीज पर लिया गया है।
जनवरी 2026: लखनऊ में विमान की इमरजेंसी लैंडिंग, 275 यात्री थे; सऊदी जाते वक्त तकनीकी खराबी आई
जनवरी 2026 में उत्तर प्रदेश के लखनऊ एयरपोर्ट से सऊदी अरब जा रहे एक विमान की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई थी। सूत्रों के मुताबिक, जब विमान मुंबई के पास पहुंचा, तब केबिन प्रेशर में समस्या आ गई। इसके चलते कुछ यात्रियों को सांस लेने में परेशानी होने लगी। यह विमान सऊदिया अरबिया एयरलाइंस का था। फ्लाइट नंबर SV-891 जेद्दा जा रही थी। विमान में 275 यात्री, 4 पायलट और 6 क्रू मेंबर सवार हैं।
दिसंबर 2025: एअर इंडिया प्लेन का एक इंजन हवा में बंद, दूसरे इंजन से दिल्ली में इमरजेंसी लैंडिंग
दिल्ली से मुंबई जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट को 40 मिनट में ही इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। रिपोर्ट्स के मुताबिक बोइंग 777-300ER AI887 फ्लाइट का दाहिना इंजन टेक-ऑफ के बाद बंद हो गया। उसमें ऑइल प्रेशर जीरो हो गया था। इसके चलते उसे दिल्ली एयरपोर्ट लौटना पड़ा। हालांकि 2 इंजन वाले प्लेन एक इंजन के जरिए भी सुरक्षित लैंड कर सकते हैं।
Bhavanesh Soni