ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तानी मंत्री की पहली भारत यात्रा, SCO सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम आज से
पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण समन्वय मंत्री डॉ. मुसादिक मसूद मलिक शुक्रवार को दिल्ली पहुंचे। ऑपरेशन सिंदूर के बाद किसी पाकिस्तानी मंत्री की यह पहली भारत यात्रा है। मलिक दिल्ली के पुराना किला में 20 से 22 नवंबर तक चलने वाले शंघाई सहयोग संगठन (SCO) सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम में पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार शाम करीब 5:30 बजे फोरम का उद्घाटन करेंगे और कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। इस आयोजन का संयुक्त संचालन संस्कृति मंत्रालय और विदेश मंत्रालय कर रहे हैं।
भागीदारी और आमंत्रण
भारत ने इस फोरम के लिए 25 देशों को निमंत्रण भेजा था, जिनमें से 15 ने भागीदारी की पुष्टि की है। आमंत्रित देशों में चीन, कजाकिस्तान, ईरान, किर्गिज रिपब्लिक, ताजिकिस्तान, उज्बेकिस्तान, बेलारूस, अजरबैजान, आर्मेनिया, बहरीन, नेपाल, सऊदी अरब, कंबोडिया, तुर्किये और श्रीलंका शामिल हैं। फोरम का उद्देश्य सदस्य देशों की साझा सभ्यता और संस्कृति को सामने लाना और उनके बीच आपसी बातचीत बढ़ाना है। केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने 13 नवंबर को बताया था कि भारत चाहता है कि SCO केवल राजनीति और अर्थव्यवस्था तक सीमित न रहे, बल्कि साझा सभ्यता और मानवीय मूल्यों पर बातचीत का मंच भी बने।
पाकिस्तान ने संस्कृति मंत्री की जगह जलवायु मंत्री को भेजने का निर्णय लिया। भारत ने पाकिस्तान के राष्ट्रीय विरासत और संस्कृति मंत्री औरंगजेब खान खिची को निमंत्रण दिया था, लेकिन पाकिस्तान ने डॉ. मुसादिक मसूद मलिक को नामित किया। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के अनुसार, उसका प्रतिनिधिमंडल फोरम के विभिन्न विषयों पर होने वाली चर्चाओं में भाग लेगा और SCO के अन्य सदस्य देशों के प्रतिनिधियों से अलग बातचीत भी करेगा। मई 2023 में तत्कालीन विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी के गोवा दौरे के बाद किसी पाकिस्तानी संघीय मंत्री की यह पहली भारत यात्रा है। बिलावल SCO विदेश मंत्रियों की बैठक में शामिल हुए थे।
पुराना किला में प्रदर्शनी और ऐतिहासिक महत्व
फोरम के दौरान पुराना किला में 'अस्तित्व- द एसेंस ऑफ आवर एग्जिस्टेंस' नाम से प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जिसमें 1200 ईसा पूर्व से 1200 ईस्वी तक के दिल्ली के इतिहास को पुरातात्विक अवशेषों, कलाकृतियों और वास्तुशिल्प के जरिए दिखाया जाएगा। इसके अलावा 'अनंत: ए रेयर 18th सेंचुरी महाभारत स्क्रॉल' नाम का विशेष पवेलियन भी बनेगा, जिसमें 18वीं सदी की चित्रों से सजी दुर्लभ महाभारत स्क्रॉल प्रदर्शित होगी। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) के संग्रहालय निदेशक वसंत स्वर्णकार के मुताबिक, पुराना किला में करीब 3,000 साल तक लगातार आबादी रहने के प्रमाण मिले हैं। यहां हुई खुदाई में प्री-मौर्य, महाजनपद, मौर्य, शुंग, कुषाण, गुप्तोत्तर, राजपूत, सल्तनत और मुगल काल से जुड़े अवशेष मिले हैं। स्वर्णकार के अनुसार, खुदाई में ऐसे व्यापारिक संबंधों के संकेत भी मिले हैं, जो प्राचीन भारत के उन क्षेत्रों से रहे होंगे जो आज SCO के सदस्य देश हैं।
SCO फोरम और सुरक्षा व्यवस्था के चलते पुराना किला 18 से 22 नवंबर तक आम पर्यटकों के लिए बंद रहेगा। फोरम के बाद इसे आम लोगों के लिए खोला जाएगा। केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के मुताबिक, दिल्ली का पुराना किला प्राचीन इंद्रप्रस्थ से जुड़ा माना जाता है और यहां अलग-अलग कालखंडों की सभ्यताओं के अवशेष मिले हैं। यह जगह भारत की सांस्कृतिक और सभ्यतागत यात्रा की कई परतों को दर्शाती है, इसी वजह से इसे फोरम के आयोजन के लिए चुना गया।
Pushpendra Chaubey