दिल्ली पुलिस ने इंटरनेशनल हथियार तस्करी नेटवर्क का खुलासा किया
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने ISI कनेक्शन वाले एक बड़े इंटरनेशनल हथियार तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। इस गिरोह से जुड़े चार तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। ये आरोपी पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए हाईटेक हथियार मंगवाकर लॉरेंस और गोगी जैसे गैंगस्टरों को सप्लाई करते थे।
आधुनिक हथियार और संगठित नेटवर्क
क्राइम ब्रांच ने रोहिणी इलाके में ट्रैप लगाकर आरोपियों को पकड़ा। मौके से तुर्की और चीन में बने 10 हाई-टेक पिस्टल और 92 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पुलिस का कहना है कि बरामद हथियारों की गुणवत्ता और नेटवर्क का विस्तार यह साबित करता है कि यह एक संगठित और हाई-फंडेड तस्करी मॉड्यूल था।
पाकिस्तान से संचालित तस्करी रैकेट
पुलिस की जांच से पता चला कि हथियार पहले तुर्की और चीन से पाकिस्तान भेजे जाते थे। वहां से ड्रोन के जरिए पंजाब में गिराए जाते, फिर स्थानीय तस्करों की मदद से दिल्ली और अन्य राज्यों में सप्लाई किए जाते थे। गिरफ्तार आरोपी पंजाब और यूपी के निवासी हैं।
सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर
दिल्ली में हुए हालिया ब्लास्ट के बाद सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। दिल्ली पुलिस ने इस नेटवर्क को पकड़ने के लिए बड़े स्तर पर अभियान चलाया। हालांकि, इस तस्करी मॉड्यूल का लिंक आतंकियों से जुड़ा नहीं मिला, लेकिन गैंगस्टरों के साथ कनेक्शन पाया गया है।
आगे की जांच जारी
क्राइम ब्रांच पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है। पकड़े गए आरोपियों के मोबाइल लोकेशन, बैंक रिकॉर्ड और सोशल मीडिया लिंक की जांच की जा रही है ताकि इस मॉड्यूल के विदेशी कनेक्शन का पता लगाया जा सके।
Vivek Singh