दिल्ली विवेक विहार में 4 मंजिला बिल्डिंग में भीषण आग, 9 की मौत

· 1 min read
दिल्ली विवेक विहार में 4 मंजिला बिल्डिंग में भीषण आग, 9 की मौत

दिल्ली के शाहदरा इलाके के विवेक विहार में एक चार मंजिला बिल्डिंग में रविवार सुबह भीषण आग लग गई।

इस हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 4 पुरुष, 4 महिलाएं और एक डेढ़ साल का बच्चा शामिल है। दिल्ली फायर सर्विस को सुबह करीब 3.47 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। 4 घंटों की मशक्कत के बाद सुबह करीब 8 बजे आग पर काबू पाया गया। बिल्डिंग के अंदर फंसे 10 से 15 लोगों को बचाया गया, जिनमें दो लोग घायल हुए हैं।

मृतकों की पहचान मुश्किल, DNA टेस्ट की संभावना

मृतकों के शव बिल्डिंग के अलग-अलग फ्लोर से बरामद किए गए। स्थानीय पार्षद पंकज लूथरा ने बताया कि कुछ शव इतने बुरी तरह जल चुके हैं कि सिर्फ कंकाल बचा है। DNA टेस्ट के बाद ही मृतकों का पता चल पाएगा। दिल्ली पुलिस के अनुसार, बिल्डिंग के पहले फ्लोर से 1 शव, दूसरे फ्लोर से 5 शव और सीढ़ियों से 3 शव मिले, जहां दरवाजा बंद था। आशंका है कि लोगों ने छत पर भागकर जान बचाने की कोशिश की थी।

AC में धमाके से आग फैलने की आशंका

शुरुआती जांच में AC में धमाके के बाद आग फैलने की बात सामने आ रही है। फिलहाल अधिकारियों ने इसकी पुष्टि नहीं की है। मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राहत कोष से 2 लाख रुपए दिए जाएंगे, वहीं घायलों को 50 हजार रुपए की मदद मिलेगी।

बिल्डिंग के पिछले हिस्से से मिले ज्यादा शव, रेस्क्यू में आई दिक्कत

दिल्ली फायर सर्विस के अधिकारी मुकेश वर्मा ने बताया कि चार मंजिला बिल्डिंग के हर फ्लोर पर दो 4BHK फ्लैट हैं। आग बिल्डिंग के पिछले हिस्से में लगी थी और वहीं सबसे ज्यादा मौतें हुई हैं। 6 फ्लैट्स का सामान जल गया। खिड़कियों और बालकनी पर ग्रिल और लोहे की रॉड लगी थीं, जिससे रेस्क्यू में दिक्कत आई। फिर भी करीब 15 लोगों को बचाया गया। इनमें से एक व्यक्ति करीब 30% तक जल गया था, जिसे इलाज के लिए गुरु तेग बहादुर हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।

Lokendra Mishra