दुबई से लौटे इंजीनियर: हालात सामान्य , पर फ्लाइट टिकट हुए तीन गुना महंगे

· 1 min read
दुबई  से लौटे इंजीनियर:  हालात सामान्य , पर  फ्लाइट टिकट  हुए  तीन गुना महंगे

दुबई से लौटे इंजीनियर: हालात सामान्य, पर फ्लाइट टिकट हुए तीन गुना महंगे

ईरान के खिलाफ अमेरिका-इजराइल युद्ध के बीच दुबई से भोपाल लौटे इंजीनियर मोहम्मद समी खान ने बताया कि पिछले दो वर्षों से वह दुबई में एमवीपी डिजाइन इंजीनियर के तौर पर कार्यरत हैं। उनका कहना है कि हालात को लेकर बाहर जितनी चिंता दिखाई दे रही है, वहां आम लोगों की जिंदगी उतनी प्रभावित नहीं है। ऑफिस, मॉल और रेस्टोरेंट सामान्य तरीके से चल रहे हैं, हालांकि सुरक्षा के मद्देनजर कुछ जगहों को अस्थायी रूप से बंद किया गया है। समी शुक्रवार को भोपाल पहुंचे।

मिसाइलों की आवाज से होता था खौफ

समी ने बताया कि कई बार दूर से मिसाइल गुजरने या धमाके जैसी आवाज सुनाई देती थी, जिससे लोगों में थोड़ी घबराहट जरूर होती थी। हालांकि, यूएई सरकार तुरंत मोबाइल पर नोटिफिकेशन भेजकर लोगों को घर के अंदर रहने की सलाह देती है और स्थिति सामान्य होते ही फिर से सुरक्षित होने का संदेश भी जारी किया जाता है। उन्होंने यह भी बताया कि दुबई में रोजमर्रा की जिंदगी काफी हद तक सामान्य है और लोग अपने काम पर जा रहे हैं।

फ्लाइट कैंसिल होने से लौटना हुआ मुश्किल और टिकट हुए महंगे

भारत लौटने के अनुभव को साझा करते हुए समी ने बताया कि सबसे बड़ी दिक्कत फ्लाइट्स को लेकर रही। टिकट मिलना मुश्किल था और जो फ्लाइट मिलती थी वह कई बार कैंसिल या रिशेड्यूल हो जाती थी। उनके मुताबिक, फ्लाइट का समय बार-बार बदलता रहा। इस स्थिति के कारण हवाई टिकट के दाम भी काफी बढ़ गए हैं। सामान्य दिनों में जिस फ्लाइट का किराया लगभग 900 से 1100 दिरहम होता है, वही टिकट उन्हें करीब 3000 दिरहम में मिला। चार्टर्ड फ्लाइट का किराया भारतीय मुद्रा में ढाई से तीन लाख रुपए तक पहुंच गया है।

शादी की वजह से लौटना पड़ा जल्दी

समी ने बताया कि उनके भारत आने की एक बड़ी वजह उनकी शादी भी है, जो करीब सौ दिन बाद होने वाली है। परिवार की चिंता के कारण भी उन्हें जल्दी लौटना पड़ा। उनके दोनों भाई दुबई में रहते हैं, इसलिए माता-पिता को उनकी सुरक्षा को लेकर विशेष चिंता थी। भोपाल पहुंचने के बाद समी ने कहा कि शादी के बाद वह फिर से दुबई लौटने की योजना बना रहे हैं।

दुबई में फंसे लोगों के लिए सलाह

दुबई में फंसे लोगों के लिए समी का कहना है कि घबराने की जरूरत नहीं है। उनके मुताबिक, भारतीय और यूएई सरकार दोनों ही लोगों की मदद कर रही हैं। कई जगहों पर रहने की व्यवस्था भी कराई जा रही है। उन्होंने सलाह दी कि फ्लाइट बुक करते समय सावधानी बरतनी चाहिए और सीधे एयरलाइन कंपनी या एजेंट से जानकारी लेनी चाहिए, क्योंकि कई बार फ्लाइट कैंसिल नहीं होती बल्कि उसका समय बदल दिया जाता है।

Amit Pateria