भारत ने शेख हसीना की वापसी के लिए दो शर्तें रखीं: बीबीसी बांग्ला रिपोर्ट
बीबीसी बांग्ला की रिपोर्ट के मुताबिक भारत ने बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की वापसी के लिए दो शर्तें रखी हैं। पहली शर्त है कि बांग्लादेश की सेना खुद भारत आए और हसीना को अपने साथ सुरक्षित वापस ले जाए। दूसरी शर्त है कि बांग्लादेश सरकार उन्हें फांसी की सजा के खिलाफ निष्पक्ष सुनवाई और अपील का पूरा मौका दे, साथ ही इस पूरी प्रक्रिया पर अंतरराष्ट्रीय समुदाय और विश्व मीडिया की नजर रहे। भारत सरकार ने इन दोनों शर्तों पर अब तक कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।
शेख हसीना 5 अगस्त 2024 को सैन्य विमान से भारत पहुंची थीं। भारतीय अधिकारी के अनुसार अगर उन्हें वापस ले जाना है तो बांग्लादेशी सेना को ही ऐसा करना होगा। इसके लिए बांग्लादेश सैन्य विमान दिल्ली भेज सकता है या अपनी सेना के जरिए उन्हें सीमा तक ला सकता है। भारत इस पूरी प्रक्रिया में जरूरी इंतजाम करने को तैयार है। विशेषज्ञों के मुताबिक इसके पीछे सुरक्षा और जिम्मेदारी दो मुख्य कारण हैं: भारत चाहता है कि हसीना को सुरक्षित तरीके से बांग्लादेश ले जाया जाए और उनकी वापसी की जिम्मेदारी सेना की हो।
बांग्लादेश की अदालत हसीना को मौत की सजा सुना चुकी है। भारत चाहता है कि उन्हें इस फैसले के खिलाफ अपील करने का मौका मिले और जुलाई 2024 में हुई हिंसा से जुड़े आरोपों पर नए सिरे से सुनवाई हो। बीबीसी बांग्ला ने भारत के विदेश मंत्रालय के एक अधिकारी के हवाले से बताया कि भारत हसीना को बिना निष्पक्ष सुनवाई का मौका दिए फांसी के लिए नहीं सौंपना चाहता और इस पूरी सुनवाई पर अंतरराष्ट्रीय समुदाय और विश्व मीडिया की नजर रहे।
हसीना ने 9 नवंबर को नए पासपोर्ट और यात्रा दस्तावेजों के लिए आवेदन किया था। भारत आने के बाद बांग्लादेश सरकार से उनका यह पहला आधिकारिक संपर्क था। ढाका ने कहा था कि अगर वे सच में अपने देश लौटना चाहती हैं तो उन्हें भारत सरकार से संपर्क करना चाहिए। दोनों देशों के बीच प्रत्यर्पण संधि के तहत उनकी वापसी की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है। बीबीसी बांग्ला की रिपोर्ट के मुताबिक हसीना ने भारत के साथ वापसी को लेकर सहमति बनने के बाद ही दिसंबर में लौटने का ऐलान किया था।
रिपोर्ट के मुताबिक भारत के बांग्लादेश में हाई कमिश्नर दिनेश त्रिवेदी ने 6 अक्टूबर को दिल्ली में सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ से मुलाकात की थी। भारतीय सेना ने इस मुलाकात की जानकारी देते हुए कहा था कि दोनों के बीच भारत-बांग्लादेश सहयोग और रक्षा संबंध मजबूत करने पर चर्चा हुई। हालांकि बीबीसी बांग्ला ने एक भारतीय सैन्य अधिकारी के हवाले से दावा किया कि इस मुलाकात का संबंध हसीना की वापसी में बांग्लादेश की सेना की भूमिका तय करने से था।
13 नवंबर को भारत के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल से हसीना की वापसी को लेकर सवाल पूछा गया। उनसे पूछा गया कि क्या भारत ने बांग्लादेश से सैन्य विमान भेजने और हसीना को निष्पक्ष सुनवाई का मौका देने की गारंटी मांगी है। इस पर जायसवाल ने कहा, 'मेरे पास इस बारे में कहने के लिए कुछ नहीं है।' वहीं बांग्लादेश के प्रधानमंत्री के सहायक प्रेस सचिव केएम नजमुल हक ने फेसबुक पोस्ट में दावा किया कि कोई भी देश हसीना को शरण देने के लिए तैयार नहीं है। उन्होंने ब्रिटेन, यूएई, सऊदी अरब, फिनलैंड और अमेरिका समेत कई देशों का नाम लिया।
बीबीसी बांग्ला की रिपोर्ट के मुताबिक भारतीय अधिकारियों को भी दिसंबर में हसीना की वापसी मुश्किल लग रही है। उनका मानना है कि बांग्लादेश सरकार सार्वजनिक रूप से हसीना का प्रत्यर्पण मांग रही है लेकिन उनकी वापसी से देश की राजनीतिक और प्रशासनिक मुश्किलें बढ़ सकती हैं। रिपोर्ट में एक भारतीय अधिकारी के हवाले से कहा गया कि अगर हसीना तय समय पर नहीं लौट पाती हैं तो भारत यह कह सकेगा कि उन्होंने खुद वापस जाने की इच्छा जताई थी लेकिन बांग्लादेश की तरफ से कई अड़चनें आईं। फिलहाल भारत की इन दोनों शर्तों और बांग्लादेश के साथ चल रही बातचीत की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
Pushpendra Chaubey