ग्वालियर में बच्चों की एंटीबायोटिक सिरप में कीड़े मिलने का मामला
ग्वालियर के एक अस्पताल में बच्चों को दी जाने वाली एंटीबायोटिक दवा एजीथ्रोमाइसिन ओरल सस्पेंशन सिरप में कीड़े पाए जाने की शिकायत सामने आई है। यह मामला जिला अस्पताल मुरार के अधीन प्रसूति गृह अस्पताल का है।
महिला ने सिरप में कीड़े देख किए शिकायत
ओपीडी में बच्चे को दिखाने आई एक महिला को डॉक्टर ने सिरप लेने का निर्देश दिया था। जब महिला ने सिरप खोला, तो उसमें काले रंग के कीड़े जैसे तत्व नजर आए। उसने तुरंत सिविल सर्जन डॉ. आरके शर्मा को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद जांच शुरू की गई।
सप्लाई पर रोक और सैंपल की जांच
ड्रग इंस्पेक्टर के नेतृत्व में जांच टीम ने अस्पताल के दवा स्टोर से सैंपल लिए। संबंधित बैच की सिरप की खेप को वापस मंगाया गया और अन्य दवाओं के भी सैंपल जांच के लिए लिए गए। सिरप के सैंपल जांच के लिए भोपाल की लैब में भेजे गए हैं।
अन्य जिलों में जांच और एहतियात
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह सिरप भोपाल स्थित सरकारी स्टोर से सप्लाई की गई थी। ड्रग विभाग अब यह पता लगा रहा है कि यह खेप अन्य जिलों में भी सप्लाई की गई है या नहीं।
तीन स्तर की जांच प्रक्रिया
मप्र पब्लिक हेल्थ सर्विसेज कॉर्पोरेशन लिमिटेड के एमडी मयंक अग्रवाल ने बताया कि सिरप की सप्लाई तीन स्तर की जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही होती है। हालांकि, महिला की शिकायत के बाद संबंधित बैच की बोतलों को जांच के लिए भेजा गया है।