इंदौर में गरबा पंडाल में नाबालिग से बदसलूकी मामला
इंदौर के पूर्वी क्षेत्र में स्थित कनकेश्वरी गरबा पंडाल में गुरुवार रात एक 15 वर्षीय नाबालिग बालिका के साथ अभद्रता और धक्का-मुक्की की घटना हुई। घटना के दौरान जीजा बाई मंडल के भाजपा मंडल अध्यक्ष कमल चौहान बैरिकेडिंग पार कर बालिका के पास पहुंचे और उसे पकड़कर धक्का देते नजर आए। वीडियो में वे बालिका से 'तू हट जा यहां से' कहते हुए सुनाई दे रहे हैं। बालिका ने उनके व्यवहार पर आपत्ति जताते हुए कहा कि 'यह ठीक नहीं है' और पुलिस में शिकायत करने की बात भी कही।
घटना का विवरण और पुलिस कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, बालिका अपने परिजनों के साथ गरबा उत्सव में पहुंची थी और गरबा खेलना चाहती थी, लेकिन उसे प्रवेश देने से मना कर दिया गया। इस बात को लेकर आयोजन की व्यवस्था संभालने वालों के साथ बहस शुरू हो गई। बालिका के साथ आए लोगों के विरोध करने पर उनके साथ भी बदसलूकी किए जाने की बात सामने आई है। बालिका एक गरीब परिवार से है और घटना के बाद से उसके दोबारा आयोजन स्थल पर पहुंचने की जानकारी नहीं मिली है।
वीडियो वायरल होने के बाद हीरानगर पुलिस ने बालिका और उसके परिवार की तलाश की। शनिवार को शिकायत के आधार पर कमल चौहान के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित अन्य गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
भाजपा की आंतरिक कार्रवाई
इस घटना के बाद भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने कमल चौहान को नोटिस जारी कर 3 दिन के भीतर जवाब मांगा है। चर्चा है कि सुमित मिश्रा द्वारा कमल चौहान को फटकार भी लगाई गई है।
Vivek Singh