जयपुर में हेलिकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग, सभी सुरक्षित
जयपुर से भोपाल जा रहा एक प्राइवेट कंपनी का हेलिकॉप्टर तकनीकी खराबी के कारण रविवार सुबह इमरजेंसी लैंडिंग के लिए मजबूर हो गया। हेलिकॉप्टर में मौजूद पायलट और को-पायलट सुरक्षित हैं और किसी प्रकार की क्षति की सूचना नहीं है।
देहरादून से जयपुर होकर भोपाल की ओर उड़ान
एवन हेलिकॉप्टर कंपनी के डायरेक्टर सोहन सिंह नाथावत के अनुसार, यह हेलिकॉप्टर देहरादून से शनिवार शाम करीब 4:30 बजे जयपुर पहुंचा था। जयपुर पहुंचने के बाद हेलिकॉप्टर में फ्यूल रिफ्यूलिंग की प्रक्रिया पूरी की गई। रविवार को मौसम साफ होने के बाद हेलिकॉप्टर ने सुबह 11:02 बजे जयपुर के चौमूं क्षेत्र के मलिकपुर स्थित हेलीपैड से भोपाल के लिए उड़ान भरी।
उड़ान के कुछ देर बाद आई तकनीकी खराबी
उड़ान भरने के कुछ समय बाद ही हेलिकॉप्टर में तकनीकी खराबी आ गई। इसके बाद पायलट ने स्थिति को समझते हुए आपात निर्णय लिया और रायसर के नजदीक वामनवाटी गांव के पास हेलिकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग करवाई। बताया गया कि पायलट की सूझबूझ के चलते हेलिकॉप्टर को सुरक्षित उतार लिया गया और किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
तकनीकी जांच और आगे की कार्रवाई
कंपनी की टीम हेलिकॉप्टर में आई तकनीकी खराबी की जांच में जुटी हुई है। जांच पूरी होने के बाद हेलिकॉप्टर को दोबारा मलिकपुर लाया जाएगा। वहां से उसे दुरुस्त कर आगे भोपाल भेजने की योजना है। यह हेलिकॉप्टर ढिल्लों एविएशन का बेल 206-L4 कैटेगरी का है।
गांव में भीड़, पुलिस ने बनाया सुरक्षा घेरा
हेलिकॉप्टर के गांव में उतरते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए। ग्रामीणों ने रायसर थाना पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, भीड़ को नियंत्रित किया और एहतियातन हेलिकॉप्टर के आसपास सुरक्षा घेरा बनाकर लोगों को दूर रखा, ताकि किसी प्रकार की अनहोनी न हो।
स्थिति सामान्य, बड़ा हादसा टला
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, संबंधित एजेंसियों और तकनीकी टीम को सूचना दे दी गई है और स्थिति सामान्य होने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। अचानक हुई इस घटना से कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बना, लेकिन किसी प्रकार की जनहानि या नुकसान की जानकारी नहीं है। सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग के कारण बड़ा हादसा टल गया और ग्रामीणों के साथ प्रशासन ने भी राहत की सांस ली।
Pushpendra Chaubey