अमित शाह ने लालू-राहुल पर लगाया 12 लाख करोड़ के घोटाले का आरोप
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बिहार के वैशाली जिले के महुआ में जनसभा को संबोधित किया। अपने भाषण में उन्होंने लालू यादव और राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि लालू-राबड़ी के जंगलराज में बिहार में नरसंहार, हत्याएं और अपहरण जैसे अपराध आम थे। उन्होंने आरोप लगाया कि लालू एंड कंपनी और राहुल एंड कंपनी ने 12 लाख करोड़ रुपए के घपले और भ्रष्टाचार किए हैं।
राम मंदिर और बाढ़ राहत पर भी लगाए आरोप
शाह ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि उसने राम मंदिर को लंबे समय तक लटकाए रखा। उन्होंने कहा कि लालू एंड कंपनी ने बाढ़ राहत में भी घोटाला किया है। शाह ने जनता से अपील की कि वे एनडीए सरकार को एक बार फिर से चुनें ताकि बिहार को बाढ़ मुक्त बनाया जा सके।
महागठबंधन पर भी कसा तंज
अमित शाह ने महागठबंधन को लेकर कहा कि इसमें एकता का अभाव है और ऐसा गठबंधन बिहार को एकजुट नहीं रख सकता। उन्होंने जोर देकर कहा कि बिहार को सुरक्षित और समृद्ध बनाने का काम सिर्फ नीतीश कुमार और नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए ही कर सकता है।
मुजफ्फरपुर में भी किया सभा को संबोधित
मुजफ्फरपुर में आयोजित सभा में भी अमित शाह ने लालू-राबड़ी के शासनकाल पर तीखा हमला करते हुए कहा कि उस समय गोपालगंज के जिलाधिकारी की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। उन्होंने दावा किया कि अगर तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री बने तो अपहरण, रंगदारी और लूट के अलग-अलग मंत्रालय खुल जाएंगे।
एनडीए सरकार की योजनाओं का किया जिक्र
अमित शाह ने मोदी सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया कि 2014 से 2025 तक बिहार के विकास के लिए 18 लाख 15 हजार करोड़ रुपए दिए गए हैं। इसके अलावा 8 करोड़ 52 लाख लोगों को मुफ्त अनाज और 44 लाख लोगों को घर प्रदान किया गया है। उन्होंने महिलाओं को रोजगार के लिए 10 हजार रुपए देने की बात भी कही।
Navjeet Kaur