महाराष्ट्र में ऑपरेशन टाइगर की सुगबुहागट तेज, दिल्ली में उद्धव गुट के सात सांसदों के साथ शिंदे की गुप्त मीटिंग
शिंदे और उद्धव गुट के सांसदों की बैठक दिल्ली में एक केंद्रीय मंत्री के बंगले पर हुई।
उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के उद्धव ठाकरे गुट के सांसदों के साथ दिल्ली में एक गुप्त बैठक हुई है। सूत्रों के अनुसार, उद्धव गुट के नौ में से सात सांसदों ने इस बैठक में भाग लिया। यह बैठक एक केंद्रीय मंत्री के बंगले पर आयोजित की गई थी, जिसकी व्यवस्था डॉ. श्रीकांत शिंदे ने की थी। यह बताया जा रहा है कि इन सांसदों को केंद्रीय कैबिनेट में स्थान और अन्य महत्वपूर्ण पद देने की पेशकश की गई है।
जल्द हो सकती है औपचारिक घोषणा
सूत्रों का कहना है कि जल्द ही ये सांसद एक अलग गुट बनाने या शिंदे सेना में शामिल होने की औपचारिक घोषणा कर सकते हैं। मुंबई के दो सांसदों को छोड़कर बाकी सात सांसद पाला बदल सकते हैं। इस बीच, पार्टी प्रमुख उद्धव ठाकरे ने 14 जून को सभी सांसदों की एक बैठक मातोश्री में बुलाई है, जो इस "ऑपरेशन टाइगर" के मद्देनजर महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
शरद पवार गुट के सांसद भी संपर्क में
खबरों के अनुसार, शरद पवार की एनसीपी के भी कुछ सांसद एकनाथ शिंदे के संपर्क में बताए जा रहे हैं। वे उद्धव गुट और ममता बनर्जी की टीएमसी के बागी सांसदों के अगले कदम का इंतजार कर रहे हैं।
Ravi Yadav