महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव की तारीखों का एलान हो गया है। चुनाव आयोग के मुताबिक इस बार महाराष्ट्र में एक ही चरण में 20 नवंबर को सभी 288 सीटों पर मतदान होगा। चुनाव के नतीजे 23 नवंबर को घोषित किए जाएंगे। राज्य में कुल 288 विधानसभा सीटें हैं, जबकि सरकार बनाने के लिए किसी भी दल को 145 सीटों पर बहुमत की जरूरत होगी। महाराष्ट्र में प्रमुख तौर पर महायुति (भाजपा और सहयोगी दल) और महा विकास अघाड़ी (कांग्रेस, शिवसेना और एनसीपी गठबंधन) के बीच सीधी टक्कर होने की संभावना है।
चुनाव कार्यक्रम की मुख्य जानकारी:
- चुनाव अधिसूचना जारी होने की तारीख: 22 अक्तूबर
- नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि: 29 अक्तूबर
- नामांकन पत्रों की जांच: 30 अक्तूबर
- नाम वापसी की अंतिम तिथि: 4 नवंबर
- मतदान की तारीख: 20 नवंबर
- मतगणना और नतीजों की घोषणा: 23 नवंबर
महाराष्ट्र में मतदाताओं की संख्या
चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, महाराष्ट्र में कुल मतदाताओं की संख्या लगभग 9.63 करोड़ है। इसमें 4.97 करोड़ पुरुष और 4.66 करोड़ महिला मतदाता शामिल हैं। राज्य में युवाओं की भागीदारी भी महत्वपूर्ण रहेगी, क्योंकि 1.85 करोड़ युवा मतदाता हैं। इनमें से पहली बार मतदान करने वालों की संख्या 20.93 लाख है।
मतदान केंद्रों की व्यवस्था
राज्य में कुल 1 लाख 186 मतदान केंद्र बनाए जाएंगे, जो 52,789 अलग-अलग स्थानों पर स्थापित होंगे। इनमें से शहरी क्षेत्रों में 42,604 और ग्रामीण क्षेत्रों में 57,582 मतदान केंद्र होंगे। औसतन, एक मतदान केंद्र पर लगभग 960 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
इस बार का विधानसभा चुनाव महाराष्ट्र की राजनीति में एक बड़ा मोड़ साबित हो सकता है। सत्ता में आने के लिए दोनों प्रमुख गठबंधन – महायुति और महा विकास अघाड़ी – पूरी ताकत झोंक रहे हैं।