भोपाल में महिला डीएसपी पर चोरी का आरोप
सहेली के घर से 2 लाख कैश और मोबाइल चोरी
भोपाल में मध्य प्रदेश पुलिस मुख्यालय (PHQ) में पदस्थ डीएसपी कल्पना रघुवंशी पर अपनी सहेली प्रमिला तिवारी के घर से 2 लाख रुपए नकद और एक मोबाइल फोन चोरी करने का आरोप लगा है। जहांगीराबाद पुलिस ने उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
सीसीटीवी फुटेज में चोरी का सबूत
घटना 24 सितंबर की है जब प्रमिला अपने घर में नहा रही थीं और उनकी बेटी दूसरे कमरे में पढ़ाई कर रही थी। इस दौरान डीएसपी कल्पना उनके घर पहुंचीं और चार्जिंग पर रखा मोबाइल और पर्स से 2 लाख रुपए लेकर चली गईं। सीसीटीवी फुटेज में डीएसपी को घर में आते-जाते और हाथ में नोटों की गड्डी लेकर बाहर निकलते देखा गया।
मोबाइल लौटाया, कैश अभी तक नहीं
पुलिस की जांच के बाद डीएसपी के खिलाफ चोरी की धाराओं में मामला दर्ज किया गया। घटना का पता लगने पर कल्पना ने सहेली का मोबाइल लौटा दिया, लेकिन 2 लाख नकद अब तक वापस नहीं किए हैं। वह फिलहाल अंडरग्राउंड हैं।
विभागीय कार्रवाई और जांच जारी
पुलिस मुख्यालय ने आरोपी डीएसपी को नोटिस जारी कर विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी है। कल्पना पहले स्पेशल ब्रांच कैडर से एसआई पद पर भर्ती हुई थीं। प्रमोशन के बाद उन्हें इंस्पेक्टर और फिर कार्यवाहक डीएसपी बनाया गया था। विभागीय जांच में यदि आरोप सिद्ध होते हैं तो उनकी बर्खास्तगी संभव है। फिलहाल पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।
Vivek Singh