विधानसभा का शीतकालीन सत्र: 1 से 5 दिसंबर
मध्य प्रदेश विधानसभा का शीतकालीन सत्र 1 से 5 दिसंबर तक आयोजित किया जाएगा। विधानसभा सचिवालय जल्द ही इस संबंध में आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी करेगा।
सत्र में चार विधेयक और अनुपूरक बजट
पांच दिनों के इस छोटे सत्र में चार विधेयक और अनुपूरक बजट पेश किए जाने की संभावना है। विधेयकों को लेकर विभागों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष की चर्चा
शीतकालीन सत्र को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर के बीच चर्चा हुई थी। इसके बाद प्रस्ताव राज्यपाल मंगुभाई पटेल को भेजा गया, जिसे मंजूरी दे दी गई है।
विधायक ऑनलाइन-ऑफलाइन सवाल पूछ सकेंगे
सत्र में विधायकों को ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरह से सवाल पूछने की सुविधा मिलेगी। नोटिफिकेशन जारी होते ही विधायकों के ध्यानाकर्षण और अन्य प्रस्तावों की समय सीमा तय की जाएगी।
अरविंद शर्मा होंगे प्रमुख सचिव
शीतकालीन सत्र के दौरान विधानसभा के प्रमुख सचिव के रूप में अरविंद शर्मा कार्य करेंगे। वे एक अक्टूबर से इस पद पर हैं। इससे पहले अवधेश प्रताप सिंह प्रमुख सचिव थे, जो सेवानिवृत्त होने के बाद मध्य प्रदेश मानव अधिकार आयोग के सदस्य बने हैं।
Gulzar Ahmad