महुआ मोइत्रा ने फ्लाइट में बदसलूकी का आरोप लगाया, विपक्ष से की अपील
तृणमूल कांग्रेस (TMC) की सांसद महुआ मोइत्रा ने फ्लाइट में अपने साथ कथित तौर पर बदसलूकी और उत्पीड़न का आरोप लगाया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट करते हुए अपने अपमान की शिकायत केंद्रीय उड्डयन राज्यमंत्री और इंडिगो प्रशासन से करते हुए आरोपियों को ब्लैक लिस्ट करने की मांग की है।
'चोर-चोर तृणमूल' के नारे लगे
जानकारी के मुताबिक महुआ मोइत्रा को फ्लाइट में तब असहज स्थिति का सामना करना पड़ा जब एक फ्लाइट के अंदर उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी हुई। महुआ मोइत्रा द्वारा साझा किए गए वीडियो के अनुसार विमान में सवार कुछ यात्रियों ने इन नेताओं को देखते ही 'चोर-चोर' और 'जय श्री राम' के नारे लगाने शुरू कर दिए।
सांसद की शिकायत और विपक्ष के नेताओं से अपील
महुआ ने एक्स पर लिखा, 'मैं आज आधिकारिक काम से रक्षा संबंधी संसदीय स्थायी समिति की बैठक में शामिल होने के लिए दिल्ली गई थी। मैं 6E 719 विमान में 1F सीट पर बैठी थी। वहां 4-6 लोग एक समूह में विमान में चढ़े और मुझे घूरने लगे और विमान के पीछे चले गए। उन्होंने हमारे खिलाफ नारेबाजी की। विमान के लैंड करने और दरवाजे खुलने से पहले ही उन्होंने ये सब किया और इसका वीडियो भी बनाया। यह कोई 'नागरिकों का गुस्सा' नहीं है। यह उत्पीड़न है और विमान में मेरी सुरक्षा का उल्लंघन है।'
इंडिगो को टैग करते हुए महुआ ने लिखा, '@IndiGo6E अपने क्रू की रिपोर्ट ढूंढें, उनके नाम उजागर करें और उन्हें नो-फ्लाई लिस्ट में डालें। एक्शन लें।' इस पोस्ट को महुआ ने अखिलेश यादव, एम के स्टालिन और राहुल गांधी को भी टैग किया है।
Vivek Singh