मध्य प्रदेश विधानसभा: निराश्रित पशु, फायर सेफ्टी और बजट पर आज चर्चा
मध्य प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र का आज बुधवार को आठवां दिन है। सदन में कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी, जिसमें निराश्रित जानवरों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया जाएगा।
आज की प्रमुख कार्यवाही
चुरहट से कांग्रेस विधायक और पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल के साथ पोहरी विधायक कैलाश कुशवाह, ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के जरिए प्रदेश में निराश्रित जानवरों की समस्या उठाएंगे। यह समस्या किसानों की फसलों को नष्ट करने, सड़कों पर यातायात बाधित करने और दुर्घटनाओं का कारण बन रही है। इसके अतिरिक्त, जबलपुर उत्तर पूर्व से बीजेपी विधायक अभिलाष पांडेय बढ़ती आगजनी की घटनाओं को रोकने के लिए फायर सेफ्टी कानून और नियमित ऑडिट की व्यवस्था न होने का मामला भी ध्यानाकर्षण के माध्यम से उठाएंगे। विधानसभा में छह विभागों के बजट पर चार घंटे तक विस्तृत चर्चा भी होगी। सत्र में पूर्व केंद्रीय मंत्री मुकुल राय और मध्य प्रदेश के पूर्व राज्यमंत्री तेजीराम सरयाम को श्रद्धांजलि दी जाएगी।
भगोरिया राष्ट्रीय पर्व घोषित, उड़द पर बोनस
बजट सत्र के मंगलवार को हुए सातवें दिन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सदन में महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने बताया कि मालवा अंचल के जनजातीय क्षेत्रों में मनाए जाने वाले भगोरिया लोकपर्व को सरकार ने राष्ट्रीय पर्व के रूप में मनाने का फैसला लिया है। इसके साथ ही, उड़द किसानों के लिए ₹600 प्रति क्विंटल का बोनस भी घोषित किया गया है, जिससे उन्हें आर्थिक संबल मिलेगा।
Vivek Singh