नीदरलैंड के प्रधानमंत्री रॉब जेटेन 2027 में पिता बनेंगे
नीदरलैंड के प्रधानमंत्री रॉब जेटेन ने सोमवार को सोशल मीडिया पर घोषणा की कि वे 2027 में पिता बनने वाले हैं। जेटेन के पार्टनर निकोलस कीनन अर्जेंटीना के हॉकी खिलाड़ी हैं। दोनों ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए लिखा, "हमारी जिंदगी में एक बहुत खास मेहमान आने वाला है। नन्हे बच्चे, 2027 में तुमसे मुलाकात होगी।"
सरोगेसी प्रक्रिया और पारिवारिक विवरण
डच मीडिया के मुताबिक बच्चे के जन्म के लिए सरोगेसी की मदद ली गई है। जेटेन और कीनन की दो महिला दोस्तों ने इस प्रक्रिया में मदद की। एक महिला ने अंडाणु दान किया, जबकि दूसरी महिला बच्चे को जन्म देंगी। द्वितीय विश्वयुद्ध के बाद जेटेन ऐसे पहले डच प्रधानमंत्री होंगे, जिनके कार्यकाल में उनके बच्चे का जन्म होगा।
संबंध की शुरुआत और सार्वजनिक घोषणाएं
साल 2021 में जेटेन और एक साथी डच नेता का एक वीडियो टिकटॉक पर वायरल हुआ था, जिसमें दोनों नेता मस्ती करते, हंसते और डांस करते दिखे थे। इस वीडियो के बाद जेटेन युवाओं के बीच लोकप्रिय हुए। साल 2022 में कीनन ने एक सुपरमार्केट में जेटेन को देखा और वायरल वीडियो की वजह से उन्हें पहचान लिया। कीनन ने बाद में एक इंटरव्यू में बताया कि जेटेन ने उन्हें इंस्टाग्राम पर मैसेज भेजकर बातचीत शुरू की थी। शुरुआत में दोनों का रिश्ता निजी रहा लेकिन अगस्त 2023 में दोनों ने अपने रिश्ते को सार्वजनिक कर दिया। नवंबर 2024 में दोनों ने सगाई की घोषणा की। दोनों की शादी जून 2026 में होनी थी, लेकिन जेटेन के प्रधानमंत्री बनने के बाद उन्होंने इसे कुछ समय के लिए टाल दिया है।
नीदरलैंड दुनिया का पहला देश था, जिसने 2001 में समलैंगिक विवाह को कानूनी मान्यता दी। जेटेन देश के पहले खुले तौर पर समलैंगिक प्रधानमंत्री हैं। वे फरवरी 2026 में 39 साल की उम्र में प्रधानमंत्री बने। उनसे पहले दुनिया में सात अन्य खुले तौर पर समलैंगिक प्रधानमंत्री रह चुके हैं, जिनमें योहाना सिगुर्दार्दोतिर (आइसलैंड, 2009–2013), एलियो दी रूपो (बेल्जियम, 2011–2014), जेवियर बेटेल (लक्जमबर्ग, 2013–2023), लियो वराडकर (आयरलैंड, 2017–2024), एना ब्रनाबिच (सर्बिया, 2017–2024), जेवियर एस्पोट (अंडोरा, 2019 से) और गैब्रियल अत्ताल (फ्रांस, 2024) शामिल हैं। जेटेन ने 17 साल की उम्र में पहली बार एक लड़के से प्यार होने के बाद अपने परिवार और दोस्तों के सामने अपनी पहचान का खुलासा किया था।
Sachin Saxena