संविधान विशेषज्ञ पद्मभूषण डॉ. सुभाष कश्यप का 97 वर्ष की आयु में निधन
राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित संवैधानिक विशेषज्ञ और पद्म भूषण से सम्मानित डॉ. सुभाष सी. कश्यप का गुरुवार को निधन हो गया। उन्होंने 100 से अधिक पुस्तकें लिखीं, जिनमें ‘आवर पार्लियामेंट’ और ‘आवर कॉन्स्टिट्यूशन’ प्रमुख हैं। डॉ. कश्यप 1953 में संसद सचिवालय से जुड़े और 1983 से 1990 तक लोकसभा के महासचिव रहे। उन्होंने प्रथम लोकसभा से नौवीं लोकसभा तक, 37 वर्षों से अधिक समय तक भारतीय संसद की सेवा की। उनका जन्म 1929 में बिजनौर जिले के एक स्वतंत्रता सेनानी परिवार में हुआ था और उन्होंने किशोरावस्था में ही स्वतंत्रता आंदोलन में सक्रिय भागीदारी की थी।
हैदराबाद में कमर्शियल कॉम्प्लेक्स में आग
हैदराबाद के अमीरपेट इलाके में एक कमर्शियल कॉम्प्लेक्स में आग लग गई। आग तेजी से फैल गई और केएसआर फैशन स्टोर और हर्षा मेस तक पहुँच गई। शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका है। फायर ब्रिगेड मौके पर पहुँच गई है और किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
अमरनाथ यात्रा मार्ग नो-फ्लाइंग जोन घोषित
श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड ने आगामी अमरनाथ यात्रा 2026 के लिए यात्रा मार्ग को सुरक्षा कारणों से नो-फ्लाइंग जोन घोषित किया है। पहलगाम और बालटाल सहित सभी मार्गों पर 1 जुलाई, 2026 से यात्रा संपन्न होने तक हेलीकॉप्टर सेवा उपलब्ध नहीं होगी। श्रद्धालु पैदल यात्रा, पालकी या घोड़े की सुविधा का लाभ ले सकेंगे।
पश्चिम बंगाल भांगर विस्फोट मामले में NIA की छापेमारी
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने पश्चिम बंगाल के भांगर विस्फोट मामले में 9 स्थानों पर छापेमारी की। NIA ने 26 अप्रैल को इस मामले की जांच अपने हाथ में ली थी। इससे पहले कोलकाता पुलिस ने 79 देसी बम और अन्य सामग्री बरामद की थी। गृह मंत्रालय ने राष्ट्रीय सुरक्षा पर संभावित आतंकी एंगल को देखते हुए NIA को जांच सौंपी थी।
दिल्ली दंगों में IB अफसर अंकित शर्मा हत्या मामले में आज फैसला संभव
2020 के दिल्ली दंगों के दौरान इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) के अधिकारी अंकित शर्मा की हत्या के मामले में अदालत गुरुवार को फैसला सुना सकती है। इस मामले में पूर्व AAP पार्षद ताहिर हुसैन समेत 11 लोग आरोपी हैं। अंकित शर्मा का शव फरवरी 2020 में एक नाले से बरामद हुआ था। अदालत सभी पक्षों की दलीलें सुन चुकी है और फैसला सुरक्षित रखा है।
मुंबई में 22 साल से फरार आरोपी गिरफ्तार
मुंबई पुलिस ने 22 साल से फरार चल रहे राजेंद्र शिंदे नामक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ अनैतिक देह व्यापार रोकथाम अधिनियम (PITA) के तहत मामला दर्ज था। आरोपी उस इलाके से मात्र 9 किलोमीटर दूर रह रहा था, जहाँ उसके खिलाफ मामला दर्ज हुआ था।
अरावली की परिभाषा की जांच के लिए समिति गठित
सुप्रीम कोर्ट ने अरावली पर्वतमाला की परिभाषा और सीमांकन पर केंद्र की रिपोर्ट की स्वतंत्र समीक्षा के लिए 5 सदस्यीय समिति गठित की है। समिति यह जांचेगी कि दो पहाड़ियों के बीच 500 मीटर की वर्तमान परिभाषा संरक्षित क्षेत्रों के दायरे को काफी कम तो नहीं कर देगी। समिति 31 अगस्त तक अपनी रिपोर्ट सौंपेगी।
Amit Pateria