पंजाब में मंत्री पर अफसर को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप, CM मान ने लिया इस्तीफा
पंजाब में आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार के परिवहन मंत्री लालजीत भुल्लर पर एक सरकारी अधिकारी को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगा है। वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन के अमृतसर में तैनात डिस्ट्रिक्ट मैनेजर (DM) गगनदीप सिंह रंधावा ने कथित तौर पर जहर खाकर जान दे दी और मरने से पहले मंत्री भुल्लर का नाम लिया।
CM मान ने लिया मंत्री का इस्तीफा, जांच के आदेश
इस घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री भगवंत मान ने तुरंत मंत्री लालजीत भुल्लर से इस्तीफा ले लिया। मुख्यमंत्री ने मामले की जांच चीफ सेक्रेटरी केएपी सिन्हा को सौंपी है। वहीं, मंत्री लालजीत भुल्लर ने आरोपों को झूठा बताया और कहा कि उन्होंने जांच को प्रभावित न होने देने के लिए पद छोड़ा है।
टेंडर में गड़बड़ी और मारपीट के आरोप
आरोपों के मुताबिक, फूड कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया (FCI) ने मंत्री भुल्लर के इलाके में अनाज भंडारण के लिए वेयरहाउस बनाया था, जिसकी नोडल एजेंसी वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन थी। मंत्री लालजीत भुल्लर ने अपने पिता सुखदेव सिंह भुल्लर के नाम पर टेंडर अप्लाई किया था। आरोप है कि जब पॉलिसी के हिसाब से मंत्री के पिता को टेंडर नहीं मिला, तो उन्होंने DM गगनदीप सिंह रंधावा को घर बुलाकर मारपीट की। यह भी आरोप है कि उन्हें नंगा करके उनका वीडियो बनाया गया और उनकी पत्नी-बच्चों को गैंगस्टरों से मरवाने की धमकी दी गई।
परिवार ने FIR की मांग की, शव उठाने से इनकार
गगनदीप रंधावा के परिवार ने मंत्री भुल्लर के खिलाफ केस दर्ज करने की मांग की है और ऐसा न होने तक अस्पताल से डेडबॉडी नहीं उठाने का ऐलान किया है। अमृतसर पुलिस कमिश्नरेट के ADCP शिरीवेनेला ने बताया कि वे रंधावा परिवार से बातचीत कर रहे हैं। मंत्री भुल्लर का नाम पहले भी लाल किला हिंसा और जातिवादी टिप्पणियों जैसे विवादों में आ चुका है।
Sharad Shrivastava