प्रयागराज में एयरफोर्स का ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट तालाब में क्रैश, दोनों पायलट सुरक्षित
प्रयागराज में वायुसेना का एक ट्रेनिंग माइक्रोलाइट एयरक्राफ्ट बुधवार दोपहर तालाब में गिरकर क्रैश हो गया। हादसे के समय दो सीटर इस एयरक्राफ्ट में दो पायलट सवार थे, जो सुरक्षित बच गए।
उड़ान के तुरंत बाद तकनीकी खराबी, हवा में डगमगाया विमान
डिफेंस विंग के पीआरओ विंग कमांडर देबार्थों धर के अनुसार, माइक्रोलाइट एयरक्राफ्ट ने दोपहर 12:15 बजे बमरौली एयरफोर्स स्टेशन से उड़ान भरी थी। उड़ान भरते समय ही एयरक्राफ्ट में तकनीकी खराबी आ गई। इसके बाद विमान हवा में डगमगाने लगा और अंततः शहर के बीचों-बीच स्थित एक तालाब में जा गिरा।
स्कूल और रिहायशी इलाके के पास हुआ हादसा
हादसा करीब 12:20 बजे केपी कॉलेज के पीछे वाले क्षेत्र में हुआ, जो प्रयागराज शहर का घनी आबादी वाला इलाका है। तालाब के आसपास स्कूल और रिहायशी कॉलोनियां स्थित हैं। यहां से माघ मेले के क्षेत्र की दूरी लगभग तीन किलोमीटर बताई गई है। दुर्घटना के बाद आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंच गए।
पैराशूट से कूदकर बचे दोनों पायलट
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एयरक्राफ्ट के क्रैश होने से पहले दोनों पायलट पैराशूट की मदद से कूद गए और तालाब में गिरे। जहां वे दलदल में फंस गए थे, जिन्हें स्थानीय लोगों ने पहुंचकर बाहर निकाला। इस तरह समय पर मदद मिलने से दोनों की जान बच गई।
जलकुंभी से घिरे तालाब में रेस्क्यू ऑपरेशन
जिस तालाब में विमान गिरा, वह चारों ओर से जलकुंभी से घिरा हुआ है। इसके बावजूद रेस्क्यू टीम एयरक्राफ्ट तक पहुंच गई है। सेना, फायर ब्रिगेड, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें मौके पर मौजूद हैं और रेस्क्यू अभियान जारी है।
आम नागरिकों की सुरक्षा, जांच के आदेश
विंग कमांडर देबार्थों धर ने बताया कि दोनों पायलटों ने सूझबूझ दिखाते हुए एयरक्राफ्ट को अपेक्षाकृत सुनसान इलाके की ओर मोड़ा, जिससे आम लोगों की जान-माल का नुकसान नहीं हुआ। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए कोर्ट ऑफ इंक्वायरी के आदेश दिए गए हैं।
घटना से जुड़ी आगे की जानकारी
घटना से जुड़ी तस्वीरें और ताज़ा अपडेट जारी किए जा रहे हैं। संबंधित एजेंसियां तकनीकी कारणों और सुरक्षा पहलुओं की विस्तृत जांच में जुटी हुई हैं।
Lokendra Mishra