पत्नी की तबियत बिगड़ी, राज्यपाल गहलोत पहुंचे नागदा, राजनीतिक अटकलें तेज

· 1 min read
पत्नी की तबियत बिगड़ी, राज्यपाल गहलोत पहुंचे नागदा, राजनीतिक अटकलें तेज

कर्नाटक के राज्यपाल थावर चंद गहलोत का नागदा आगमन: पत्नी की तबीयत बिगड़ने से बढ़ी अटकलें

कर्नाटक की राजनीति में मुख्यमंत्री पद को लेकर चल रहे सियासी घमासान के बीच कर्नाटक के राज्यपाल थावर चंद गहलोत अचानक मुंबई से सीधे उज्जैन जिले के नागदा स्थित अपने निवास पहुंच गए। उनके नागदा पहुंचने के बाद राजनीतिक हलकों में अटकलों का दौर तेज हो गया है।

पारिवारिक और स्वास्थ्य कारणों से आगमन

जानकारी के अनुसार राज्यपाल गेहलोत की पत्नी अनीता गहलोत की तबीयत अचानक खराब हो गई थी। बताया जा रहा है कि उनका ब्लड प्रेशर काफी बढ़ गया था, जिसके चलते राज्यपाल को मुंबई से सीधे नागदा आना पड़ा। पहले उन्हें चौधरी अस्पताल में डॉक्टरों को दिखाया गया, जिसके बाद फिलहाल घर पर ही डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। राज्यपाल के करीबी सूत्रों का कहना है कि उनका नागदा आना पूरी तरह पारिवारिक और स्वास्थ्य कारणों से जुड़ा हुआ है।

कर्नाटक में राजनीतिक उठापटक

इस बीच, कर्नाटक में मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के संभावित इस्तीफे को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हैं। ऐसे समय में राज्यपाल के बेंगलुरु नहीं पहुंचने से राज्य की राजनीति में कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। सिद्धारमैया ने राज्यपाल थावरचंद गहलोत से मुलाकात के लिए समय मांगा था, लेकिन राज्यपाल के बेंगलुरु से बाहर होने के कारण उन्हें समय नहीं मिल पाया। नियमानुसार, राज्यपाल राज्य में मौजूद न हों तब भी मुख्यमंत्री लिखित इस्तीफा राजभवन के अधिकारियों को ई-मेल से या खुद जाकर दे सकते हैं।

फिलहाल, राज्यपाल के नागदा स्थित निवास के बाहर मीडिया का जमावड़ा लगा हुआ है। प्रशासन और चिकित्सकों की टीम लगातार अनीता गेहलोत की सेहत पर नजर बनाए हुए है। उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।

Ravi Yadav